इस्लामाबाद में भारतीय उपराजदूत तलब, पाकिस्तान ने जतायी आपत्ति
https://parstoday.ir/hi/news/india-i86218-इस्लामाबाद_में_भारतीय_उपराजदूत_तलब_पाकिस्तान_ने_जतायी_आपत्ति
पाकिस्तान ने कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर भारतीय सीमा सुरक्षा बल की ओर से फ़ायरिंग की घटना पर इस्लामाबाद में भारत के उपराजदूत को तलब किया।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Apr १३, २०२० १४:५८ Asia/Kolkata
  • इस्लामाबाद में भारतीय उपराजदूत तलब, पाकिस्तान ने जतायी आपत्ति

पाकिस्तान ने कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर भारतीय सीमा सुरक्षा बल की ओर से फ़ायरिंग की घटना पर इस्लामाबाद में भारत के उपराजदूत को तलब किया।

इस्लामाबाद से संवाददाता के मुताबिक़, पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इस्लामाबाद ने कश्मीर में नियंत्रण रेखा के उस पार से भारतीय सीमा सुरक्षा बल के जवानों की सोमवार की फ़ायरिंग के बाद, भारतीय उपराजदूत को विदेश मंत्रालय में तलब किया और इस बारे में इस्लामाबाद सरकार की आपत्ति से उन्हें सूचित किया गया। इस फ़ायरिंग में एक 2 साल के मासूम बच्चे की मौत हो गयी जबकि 4 पाकिस्तानी नागरिक घायल हुए।

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के बयान के मुताबिक़, भारतीय सीमा सुरक्षा बल ने पिछले 26 घंटे में द्विपक्षीय संघर्ष विराम समझौते का बारंबार उल्लंघन करते हुए कश्मीर में ‘दाऊद नियाल’ और ‘चकरी कोट’ में आवासीय इलाक़ों पर तोप के गोले बरसाए।

इस बयान में आया है कि नियंत्रण रेखा पर भारतीय फ़ोर्सेज़ द्वारा भारी हथियारों का इस्तेमात, क्षेत्र में शांति व स्थिरता के लिए गंभीर ख़तरा है, जिसका लक्ष्य कश्मीर के संकटमय हालात और इस इलाक़े में मानवाधिकार के घोर उल्लंघन से जनमत के ध्यान को भटकाना है।

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने इस देश के नियंत्रण वाले कश्मीर में भारतीय सैनिकों के बस्तियों पर फ़ायरिंग के कृत्य की भर्त्सना के साथ ही, नई दिल्ली से संघर्ष विराम पर पाबंद रहने के लिए कहा।(MAQ/N)