मोदी जी भगवान के लिए मज़दूरों की मदद कीजिएः प्रियंका गांधी
कांग्रेस ने सरकार से मांग की है कि फंसे हुए मज़दूरों को उनके घरों को भिजवाया जाए।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि विभिन्न जगहों पर फंसे मजदूरों को उनके घर भेजने की व्यवस्था करें।
भारतीय संचार माध्यमों के अनुसार प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया कि आखिर हर बार हर विपत्ति गरीबों और मजदूरों पर ही क्यों टूटती है? उनकी स्थिति को ध्यान में रखकर फैसले क्यों नहीं लिए जाते? उन्हें भगवान भरोसे क्यों छोड़ दिया जाता है? लॉकडाउन के दौरान रेलवे टिकटों की बुकिंग क्यों जारी थी? विशेष ट्रेनों का इंतजाम क्यों नहीं किया गया?' उन्होंने कहा कि मजदूरों के पैसे खत्म हो रहे हैं, स्टॉक का राशन खत्म हो रहा है, वे असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। वे अपने घर-गांव जाना चाहते हैं। इसकी व्यवस्था होनी चाहिए थी। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि अभी भी सही योजना के साथ इनकी मदद की व्यवस्था की जा सकती है। मजदूर इस देश की रीढ़ हैं। मोदी जी भगवान के लिए इनकी मदद कीजिए।
ज्ञात रहे कि कोरोना वायरस से निपटने के लिए भारत में तीन मई तक लॉकडाउन बढ़ाने के बाद अब प्रवासी मजदूरों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। प्रियंका गांधी ने यह मांग ऐसे समय में की है जब लॉकडाउन के बावजूद मंगलवार को मुंबई और सूरत में हज़ारों की संख्या में प्रवासी मजदूर सड़कों पर एकत्रित हो गए थे जो अपने घर जाने की मांग कर रहे थे।