भारतीय फ़ोर्सेज़ की गोली से युवा की मौत पर सुलग उठा कश्मीर!
भारत नियंत्रित कश्मीर के श्रीनगर शहर में सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें हुईं जिसमें कई लोग घायल हो गए। यह हिंसक प्रदर्शन चेकपोस्ट पर सुरक्षा बलों की गोली से एक कश्मीरी युवा की हत्या के बाद भड़क उठे।
बुधवार को सैकड़ों की संख्या में प्रदर्शनकारी श्रीनगर की सड़कों पर निकल पड़े और आज़ादी और भारतीय सैनिकों की वापसी की मांग पर आधारित नारे लगाने लगे। प्रदर्शनकारियों ने भारतीय सुरक्षा बलों पर पथराव भी किया जिसके जवाब में सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले फ़ायर किए। झड़पें तेज़ हो जाने के बाद इलाक़े में मोबाइल सेवा बंद कर दी गई।
शहर के मुख्य सरकारी अस्पताल के डाक्टर ने बताया कि झड़पों में कम से कम दो लड़कियां घायल हो गई हैं मगर प्रशासन ने डाक्टरों को मीडिया से बात करने से रोक दिया है।
कश्मीरी युवा श्रीनगर के बाहर अपनी कार से जा रहा था कि चेकपोस्ट पर उसे रोका गया और गोली मार दी गई। पुलिस का दावा है कि गाड़ी को रुकने का इशारा किया गया तो वह रुकी नहीं जिसकी वजह से उस पर फ़ायरिंग कर दी गई। भारतीय मीडिया का दावा है कि गाड़ी से सुरक्षा बलों पर फ़ायरिंग भी हुई थी।
मगर हताहत होने वाले युवा के पिता का कहना है कि सुरक्षा बल झूठ बोल रहे हैं, मेरा बेटा सामान्य रफ़तार से गाड़ी चला रहा था और चेकपोस्ट पर सुरक्षा बलों के इशारे पर उसने गाड़ी रोक भी दी थी लेकिन इसके बावजूद उसे गोली मार दी गई। यह घटना बडगाम में हुई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि युवा गाड़ी रोक कर बाहर निकला था और पुलिस से बात करने जा रहा था कि उसे गोली मार दी गई।