कांग्रेस-योगी सरकार में लेटर वाॅर, प्रवासी मज़दूरों का मामला गरमाया
उत्तर प्रदेश की सरकार और कांग्रेस के बीच प्रवासी मज़दूरों को उनके गृह राज्य पहुंचाने पर विवाद जारी है।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी ने नोएडा-गाज़ियाबाद में प्रवासी मज़दूरों के लिए एक हज़ार बसें उपलब्ध कराने के लिए योगी सरकार को पत्र लिखा है।
कांग्रेस ने पत्र लिखकर शाम पांच बजे तक का समय मांगा है। प्रियंका के सचिव संदीप सिंह ने अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी को पत्र लिखकर बताया बसों का परमिट लिया जा रहा है।
पत्र में संदीप सिंह ने लिखा कि आपका पत्र मिला, इस संदर्भ में बताना चाहता हूं कि हमारी कुछ बसें राजस्थान से आ रही हैं और कुछ दिल्ली से, इनके लिए दोबारा परमिट दिलवाने की कार्यवाही जारी है। बसों की संख्या अधिक होने के नाते इसमें कुछ घंटे लगेंगे।'
ज्ञात रहे कि कांग्रेस ने मंगलवार सुबह लखनऊ में बसें उपलब्ध कराने में असमर्थता ज़ाहिर की जिसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें 500 बसें गाज़ियाबाद तथा 500 बसें नोएडा के ज़िलाधिकारियों को सौंपने को कहा है।
मंगलवार सुबह अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के निजी सचिव को भेजे गए पत्र में कहा कि आपके पत्र के अनुसार आप लखनऊ में बस देने में असमर्थ हैं एवं नोएडा,गाजियाबाद बार्डर पर ही बस देना चाहते है। अत:ऐसी स्थिति में कृपया ज़िलाधिकारी गाज़ियाबाद को 500 बसें उपलब्ध कराने का कष्ट करें। (AK)