भारत में लाकडाउन पूरी तरह से फेल रहाः राहुल गांधी
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि भारत में लाकडाउन पूरी तरह से विफल रहा है।
मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि लॉकडाउन पूरी तरह से फेल हो चुका है।
भारतीय संचार माध्यमों के अनुसार उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उम्मीद थी कि कोरोना 21 दिन में नियंत्रित हो जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। राहुल ने कहा कि लॉकडाउन को 60 दिन हो चुके हैं और संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। भारत उन देशों में से है जहां कोरोना के मामले सबसे तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा, कुछ सप्ताह पहले प्रधानमंत्री ने कहा था कि हम 21 दिनों में कोविड को पराजित कर देंगे। यह उनकी उम्मीद थी। लेकिन आज मामले लगातार बढ़ रहे हैं। राहुल गांधी का कहना था कि इन बातों से यह स्पष्ट है कि भारत का लॉकडाउन विफल हुआ हैं। उन्होंने कहा कि जो लक्ष्य मोदी जी का था वह लाकडाउन से पूरा नहीं हुआ।
राहुल गांधी ने भारत में चार चरणों में लगाए गए लॉकडाउन के विफल रहने की बात कहते हुए मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को बताना चाहिए कि कोरोना संकट से निपटने और जरूरतमंदों को मदद देने की उनकी आगे की रणनीति क्या है? राहुल गांधी ने अपनी पुरानी मांग दोहराते हुए यह भी कहा कि गरीबों और मजदूरों को 7500 रूपये की मदद दी जाए और राज्य सरकारों को केंद्र की तरफ से पूरी मदद मिले। उल्लेखनीय है कि भारत में जारी लॉकडाउन के बीच मंगलवार को सांसद राहुल गांधी ने चौथी बार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए पत्रकारों से बातचीत की।