प्रवासियों को वतन ले जाने भारतीय नौसेना का जहाज़ पहुंचा ईरान
भारत सरकार द्वारा कोरोना महामारी में विदेशों में फंसे भारतीयों को भारत वापस लाने की शुरू की गई प्रक्रिया के तहत एक भारतीय समुद्री जहाज़ ईरान पहुंचा है।
प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, सोमवार की सुबह भारतीय नौसेना का जहाज़-आईएनएस शार्दुल ऑपरेशन समुद्र सेतु के तहत ईरान में फंसे भारतीयों को स्वदेश वापस लाने के लिए ईरान के बंदर अब्बास पोर्ट पर पहुंचा है। ईरान के बंदर अब्बास से लेकर गुजरात के पोरबंदर तक चलने वाले इस अभियान की शुरुआत सोमवार से हो गई है। भारतीय नौसेना ने अपने बयान में कहा है कि ईरान में भारतीय दूतावास में उन नागरिकों की सूची तैयार की जा रहा है, जिन्हें वहां से वापस भारत ले जाना है। उन्होंने बताया कि सभी को स्क्रीनिंग के बाद ही स्वदेश लौटने की इजाज़त मिलेगी।
भारतीय नौसेना ने अपने बयान में कहा है कि इस ऑपरेशन के लिए विशेष इंतज़ाम किए गए हैं। जहाज़ पर मौजूद सभी कर्मचारियों को सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करना होगा। नेवी ने बताया कि जहाज़ पर अतिरिक्त मेडिकल स्टाफ, डॉक्टर्स, राशन, फेस मास्क, पीपीई किट आदि भी मौजूद रहेंगी। इसके अलावा कोरोना वायरस से बचने के लिए भारतीय नौसेना ने कुछ नए प्रोडक्ट्स भी विकसित किए हैं, जो जहाज़ पर उपलब्ध रहेंगे।
ईरान से भारत लौटने के बाद लोगों को उनके राज्यों के अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा, जहां वे 14 दिनों तक कोरंटाइन में रहेंगे। भारतीय नौसेना के जहाज़ “जलाश्व” और “मगर” पहले ही ऑपरेशन समुद्र सेतु के तहत मालदीव और श्रीलंका के पोर्ट से कोच्चि और तूतीकोरिन के बीच 2874 लोगों को वापस लेकर आ चुके हैं। मालूम हो कि ऑपरेशन समुंद्र सेतु कोरोनो वायरस महामारी के कारण विदेशों में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए भारतीय की पहल का हिस्सा है। (RZ)