कश्मीर, भूकंप के कई झटकों के बीच झड़पें, 3 छापामारों की मौत
भारत नियंत्रित कश्मीर में होने वाली झड़पों में तीन अलगाववादी छापामारों के मारे जाने की सूचना है।
भारतीय सूत्रों ने बताया है कि जम्मू-कश्मीर के शोपियां में मंगलवार तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों और अलगावादी छापामारों के बीच झड़प हुई जिसमें तीन सशस्त्र छापामारों के मारे जाने की सूचना है। कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने यह जानकारी दी।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने बताया कि छापमारों की उपस्थिति की गुप्त जानकारी के आधार पर सेना, केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह ने सुबह शोपियां के तुरकावानगम में संयुक्त अभियान शुरू किया था।
बताया जाता है कि शोपियां ज़िले में हुई झड़पों में मारे गये छापामारों में हिज़्बुल मुजाहेदीन का एक कमांडर और विधान परिषद के पूर्व सदस्य का भतीजा भी शामिल है।
मुठभेड़ स्थल से दो एके 47 राइफ़ल और अन्य हथियार बरामद किए जाने का दावा किया गया है।
दूसरी ओर जम्मू कश्मीर में मंगलवार को दूसरी बार और पिछले तीन दीन में चौथी बार भूकंप आया जिससे लोगों में भय पैदा हो गया। दोपहर 2 बजकर 10 मिनट पर जम्मू कश्मीर के कटरा से 85 किलोमीटर पूर्व में इसका केंद्र था और तीव्रता 3.9 मापी गई। अभी तक किसी भी प्रकार के जानी और माली नुक़सान की सूचना नहीं है।
इससे पहले मंगलवार सुबह 7 बजे भी मध्यम तीव्रता का भूकंप आया था। रिक्टर पैमाने पर तीव्रता 5.8 मापी गई। (AK)