दिल्ली-बीजिंग तनाव के बीच पुतीन की अक्तूबर में भारत यात्रा
भारतीय विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी दी है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतीन अक्तूबर में भारत यात्रा पर जा सकते हैं और उनकी इस प्रस्तावित यात्रा के दौरान भारत और रूस के बीच कई उच्च स्तरीय समझौते होने की भी संभावना है।
प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, रूस के राष्ट्रपति पुतीन की भारत की प्रस्तावित यात्रा पर एक भारतीय अख़बार ने अपनी रिपोर्ट में भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव के हवाले से लिखा है कि 'हाल ही में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति पुतीन के बीच बातचीत हुई थी जिसमें मोदी ने पुतिन को रूस में हुए संवैधानिक संशोधनों पर मिले जन-समर्थन के लिए बधाई दी थी, साथ ही दोनों नेताओं ने कुछ क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की थी' जानकारों का मानना है कि दिल्ली और बीजिंग के बीच चल रहे भारी तनाव के मध्य चीन के दोस्त देश रूस के राष्ट्रपति की भारत यात्रा बहुत अहम है। जानकारों के अनुसार पुतीन की इस यात्रा के दौरान भारत-चीन तनाव को कम करने को लेकर भी चर्चा हो सकती है।
अख़बार ने लिखा है कि 'दोनों देशों के बीच आगामी महीनों में उच्च स्तरीय वार्ताओं की एक लंबी सूची तैयार है। इसमें शंघाई सहयोग संगठन और ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की बैठक और रक्षा मंत्रियों की बैठक भी शामिल है। अक्तूबर में वार्षिक द्विपक्षीय शिखर वार्ता भी होने वाली है जिसमें पुतीन के भारत जाने की उम्मीद है।' याद रहे कि इसी वर्ष जून के अंतिम सप्ताह में भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मॉस्को गये थे और भारतीय सैन्य दस्ते ने दूसरे विश्व युद्ध में मिली विजय की 75वीं वर्षगाँठ पर आयोजित परेड में हिस्सा भी लिया था। (RZ)
ताज़ातरीन ख़बरों, समीक्षाओं और आर्टिकल्ज़ के लिए हमारा फ़ेसबुक पेज लाइक कीजिए!
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए