भारत, गृहमंत्रालय ने फिर दी छूट, कोरोना केसेज़ में कोई कमी नहीं
भारत के केन्द्रीय गृहमंत्रालय ने कुछ अन्य गतिविधियों को बहाल करने का दिशा निर्देश जारी किया है।
केन्द्रीय गृहमंत्रालय की ओर से जारी दिशा निर्देश में 15 अक्तूबर से सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्सों को उनकी बैठने की क्षमता के 50 प्रतिशत के साथ खोला जाना शामिल है।
गृहमंत्रालय ने राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों की सरकारों को चरणबद्ध तरीके से 15 अक्तूबर के बाद स्कूलों और कोचिंग संस्थानों को फिर से खोले जाने के बारे में निर्णय लेने की छूट दी है।
गृह मंत्रालय ने कहा कि केन्द्र की अनुमति वाली यात्रा को छोड़कर अंतर्राष्ट्रीय यात्रा पर अभी पाबंदियां जारी रहेगी। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि निरूद्ध क्षेत्रों के बाहर के इलाकों में 15 अक्तूबर से कुछ गतिविधियों की अनुमति दी गई है।
व्यवसाय से व्यवसाय प्रदर्शनियों की अनुमति दी जाएगी और वाणिज्य विभाग द्वारा एसओपी जारी की जाएगी। खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए उपयोग किए जा रहे स्विमिंग पूल को खोलने की अनुमति दी जाएगी।
बयान में कहा गया है कि ये नये दिशा-निर्देश राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर हैं और इसके लिए संबंधित केन्द्रीय मंत्रालयों और विभागों के साथ व्यापक परामर्श किया गया।
नये दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों की सरकारों को निरूद्ध क्षेत्रों के बाहर 15 अक्तू के बाद 100 व्यक्तियों की सीमा तक सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक सभाओं को अनुमति दिये जाने की छूट दी गई है।
मंत्रालय ने कहा कि ऑनलाइन या डिस्टेंस एजुकेशन को शिक्षण के तरीके के रूप में प्राथमिकता दी जाएगी और इन्हें प्रोत्साहित किया जायेगा। भारत में बुधवार को कोरोना वायरस के मामलों की कुल संख्या 62 लाख 25 हज़ार 763 पहुंच गई जबकि मृतकों की संख्या 97 हज़ार 497 हो गई। (AK)
ताज़ातरीन ख़बरों, समीक्षाओं और आर्टिकल्ज़ के लिए हमारा फ़ेसबुक पेज लाइक कीजिए!
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए