भारत ने ब्रह्मोस क्रूज़ मीज़ाइल का सफल परीक्षण किया
भारत ने एक नए सुपरसोनिक क्रूज़ मीज़ाइल का सफल परीक्षण किया है।
भारत ने रविवार को नौसेना के स्वदेशी स्टील्थ डिस्ट्रॉयर आईएनएस चेन्नई से ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज़ मीज़ाइल का सफलतापूर्वक परीक्षण किया है। इस परीक्षण के दौरान अरब सागर में एक लक्ष्य पर ब्रह्मोस से निशाना साधा गया। मीज़ाइल ने इस लक्ष्य को बेहद सटीकता से भेदा। ऐसे समय में जब भारत और चीन के बीच लद्दाख़ की सीमा पर तनाव जारी है, भारत का यह मीज़ाइल परीक्षण चीन के लिए एक संदेश माना जा रहा है।
भारत, अरुणाचल प्रदेश और लद्दाख़ में चीन से लगने वाली सीमाओं पर पहले ही यह ब्रह्मोस मीज़ाइल स्थापित कर चुका है। पहले ब्रह्मोस की रेंज 290 किलो मीटर थी जिसे बाद में बढ़ा कर 400 किलो मीटर तक कर दिया गया। भारतीय सूत्रों के मुताबिक़ सुपरसोनिक क्रूज़ मिसाइल ब्रह्मोस 450 किलोमीटर से अधिक दूरी तक लक्ष्य को साधने में सक्षम है। सुपरसोनिक ब्रह्मोस क्रूज़ मीज़ाइल भारत और रूस के संयुक्त उपक्रम के तहत विकसित किया गया है। ब्रह्मोस को पनडुब्बी, युद्धपोत, लड़ाकू विमान और ज़मीन से भी लॉन्च किया जा सकता है। (HN)
ताज़ातरीन ख़बरों, समीक्षाओं और आर्टिकल्ज़ के लिए हमारा फ़ेसबुक पेज लाइक कीजिए!
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए