बिहार विधानसभा चुनाव, ताज़ा रुझानों में एनडीए को पूर्ण बहुमत, महागठबंधन पीछे
बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के चुनाव नतीजों पर सबकी नज़र टिकी हुई है। ताज़ा और शुरुआती रुझानों में एनडीए को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है। जबकि एक्ज़िट पोल में महागठबंधन की दिखाई गई जीत ग़लत साबित होती दिख रही है।
प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के ताज़ा रुझानों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक मोर्चे को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है। चार घंटे चली वोटों की गिनती में अब सत्तारूढ़ एनडीए गठबंधन विपक्षी महागठबंधन से काफ़ी आगे जाता दिख रहा है। शुरुआती दौर में तेजस्वी यादव आगे चल रहे थे, लेकिन अब ऐसा लगता है कि नीतीश कुमार राज्य में चौथे कार्यकाल के लिए सत्ता संभालने जा रहे हैं। भारतीय समयानुसार दोपहर 12.15 बजे तक एनडीए को कुल 132 सीटें मिलती दिख रही थीं, जबकि महागठबंधन को 98 सीटें मिलती दिख रही हैं। लोजपा 4 सीटों पर जबकि अन्य 9 सीटों पर आगे चल रहे हैं। महागठबंधन को 13 सीटों का नुक़सान जबकि एनडीए को सात सीटों की बढ़ोत्तरी होती दिख रही है। लोजपा को भी 2 सीटों का फ़ायदा होता दिख रहा है, अन्य को भी तीन सीटें अधिक मिलती दिख रही हैं।

वहीं महागठबंधन में राजद को 22 और कांग्रेस को 6 सीटों का नुक़सान होता दिख रहा है, जबकि महागठबंधन में शामिल लेफ्ट पार्टियों को फ़ायदा होता दिख रहा है। सीपीआई (एमएल) को 10 जबकि अन्य लेफ्ट दलों को 6 सीटों का लाभ होता दिख रहा है। भारत के बिहार राज्य के सभी 38 ज़िलों के 55 केंद्रों पर भारी सुरक्षा के बीच मतगणना जारी है। चुनावों में अधिकांश एक्ज़िट पोल में राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव के नेतृत्व में पांच दलों के महागठबंधन को जीत हासिल होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। राज्य में मतगणना 38 ज़िलों के 55 मतगणना केंद्रों पर हो रही है। इसके परिणाम नीतीश कुमार सरकार का भविष्य तय करेंगे। नीतीश कुमार पिछले 15 वर्षों से बिहार के मुख्यमंत्री हैं। कुछ दिनों पहले अधिकांश एक्ज़िट पोल में जदयू-भाजपा गठबंधन एनडीए की पराजय और राजद नीत महागठबंधन की जीत का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के 31 वर्षीय छोटे बेटे तेजस्वी यादव महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हैं। (RZ)
ताज़ातरीन ख़बरों, समीक्षाओं और आर्टिकल्ज़ के लिए हमारा फ़ेसबुक पेज लाइक कीजिए!
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए