बिहार विधान सभा चुनाव के नतीजे, राजग को बहुमत के संकेत
भारत के राज्य बिहार में विधानसभा चुनाव के परिणाम सामने आ रहे हैं और अब तक की जीती गई सीटों और रुझानों के अनुसार राजग और महागठबंध में कांटे का मुक़ाबला जारी है।
बिहार विधानसभा चुनाव परिणामों के आ रहे रुझानों में राजग 124 सीटों पर और महागठबंधन 111 सीटों पर या तो जीत चुका है या आगे चल रहा है। राजग 11 सीटों पर जीत दर्ज कर चुका है जबकि महागठबंधन ने 9 सीटों पर जीत दर्ज की है। जीती गई सीटों और बढ़त के हिसाब से राजग और महागठबंधन में बढ़त का फ़ासला बेहद कम हो चुका है। वहीं असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम ने 5 सीटों पर जीत दर्ज की है। लोक जनशक्ति पार्टी अभी किसी भी सीट पर आगे नहीं चल रही है। भारत के स्थानीय समय के अनुसार शाम 6 बजे चुनाव आयोग द्वारा बुलाए गए पत्रकार सम्मेलन में बताया गया कि शाम साढ़े पांच बजे तक 2.7 करोड़ ईवीएम वोटों को गिना जा चुका था जबकि विधानसभा चुनाव में क़रीब 4 करोड़ वोट डाले गए थे।
इस बीच मध्यप्रदेश में भी विधानसभा के उपचुनाव की 28 सीटों के परिणाम सामने आ रहे हैं और भाजपा को 28 में से 19 सीटें मिलती दिखाई दे रही हैं जबकि कांग्रेस को सिर्फ़ 9 सीटें मिलने का अनुमान है। उधर उत्तर प्रदेश में विधानसभा की सात सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना भी जारी है। इनमें से तीन सीटों के परिणाम सामने आ चुके हैं जिनमें से दो भाजपा और एक सपा के खाते में गई है। चार अन्य सीटों का परिणाम आना बाकी है। (HN)
ताज़ातरीन ख़बरों, समीक्षाओं और आर्टिकल्ज़ के लिए हमारा फ़ेसबुक पेज लाइक कीजिए!
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए