कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का निधन
https://parstoday.ir/hi/news/india-i92641-कांग्रेस_के_वरिष्ठ_नेता_अहमद_पटेल_का_निधन
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का बुधवार 25 नवंबर सुबह 3 बजकर 30 मिनट पर निधन हो गया। इस बात की जानकारी उनके बेटे फ़ैसल पटेल ने अपने वेरिफ़ाइड अकाउंट से ट्वीट कर दी है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Nov २५, २०२० ०४:१९ Asia/Kolkata
  • कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का निधन

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का बुधवार 25 नवंबर सुबह 3 बजकर 30 मिनट पर निधन हो गया। इस बात की जानकारी उनके बेटे फ़ैसल पटेल ने अपने वेरिफ़ाइड अकाउंट से ट्वीट कर दी है।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, भारत की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का निधन हो गया है। 25 नवंबर बुधवार की सुबह 3.30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। 71 वर्षीय अहमद पटेल को लगभग एक महीने पहले कोरोना वायरस हुआ था। इसके बाद उनका स्वास्थ्य काफ़ी बिगड़ गया था। इस दौरान अहमद पटेल के कई अंगों ने भी काम करना बंद कर दिया था। अहमद पटेल के बेटे फ़ैसल ने अपने ट्वीट में यह भी लिखा कि, "अपने सभी शुभचिंतकों से अनुरोध करता हूं कि इस समय कोरोना वायरस के नियमों का कड़ाई से पालन करें और सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर दृढ़ रहें और किसी भी सामूहिक आयोजन में जाने से बचें।" अहमद पटेल की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अहमद पटेल को अक्तूबर के पहले हफ्ते में कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद 18 नवंबर को उनकी बेटी ने इस बात की जानकारी दी थी कि उनके पिता की हालत में कुछ सुधार हुआ है।

उल्लेखनीय है कि, अहमद पटेल कांग्रेस पार्टी के कोषाध्यक्ष थे। अहमद पटेल जब तक कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार रहे तब तक पार्टी में काफ़ी ताक़तवर रहे। वह वर्ष 1985 में राजीव गांधी के संसदीय सचिव भी रहे थे। कांग्रेस पार्टी के कोषाध्यक्ष के तौर पर उनकी नियुक्ति 2018 में हुई थी। आठ बार के सांसद रहे पटेल तीन बार लोकसभा के लिए चुने गए और पाँच बार राज्यसभा के लिए। आख़िरी बार वह राज्यसभा के लिए वर्ष 2017 में चुने गए थे और उनका यह चुनाव काफ़ी चर्चा में रहा था। (RZ)