सरकार के फैसले के खिलाफ डाक्टरों की देशव्यापी हड़ताल
https://parstoday.ir/hi/news/india-i93029-सरकार_के_फैसले_के_खिलाफ_डाक्टरों_की_देशव्यापी_हड़ताल
भारत में आज हज़ारों डाक्टर देशव्यापी हड़ताल पर हैं। 
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Dec ११, २०२० ०७:३९ Asia/Kolkata
  • सरकार के फैसले के खिलाफ डाक्टरों की देशव्यापी हड़ताल

भारत में आज हज़ारों डाक्टर देशव्यापी हड़ताल पर हैं। 

आईएमए के नेतृत्व में शुक्रवार को डाक्टर देशव्यापी हड़ताल कर रहे हैं।

भारतीय संचार माध्यमों के अनुसार हड़ताल करने वाले डाक्टरों ने बताया है कि सुबह छह बजे से लेकर शाम छह बजे तक पूरे भारत में क्लीनिक, डिस्पेंसरी और अस्पतालों में ओपीडी सेवा ठप रहेगी।  उनका कहना है कि इसके बावजूद आपातकालीन चिकित्सा और कोविड से जुड़ी उपचार सेवाएं जारी रहेंगी। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन आईएमए के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजन शर्मा ने कहा कि आयुर्वेद छात्रों को सर्जरी करने की अनुमति देने से आने वाले दिनों में चिकित्सा पेशा ही ख़तरे में पड़ सकता है।  आज की डाक्टरों की हड़ताल, आयुर्वेद छात्रों को सर्जरी करने की अनुमति मिलने के फैसले के खिलाफ है।  डाक्टरों का कहना है कि सरकारों को इसपर तुरंत रोक लगानी चाहिए।

याद रहे कि भारत की केंद्र सरकार का हाल का फैसला है कि आयुर्वेद के डॉक्टर भी अब सर्जरी कर सकेंगे।  इसी फैसले के खिलाफ इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने 8 दिसंबर से विरोध जताना शुरू कर दिया था।  आईएमए का मानना है कि इससे मिक्सोपैथी को बढ़ावा मिलेगा।

इसी बीच गाजियाबाद इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की जनरल सेक्रेटरी डॉ. वानी पुरी ने कहा कि मिक्सोपैथी यानी खिचड़ी चिकित्सा पद्धति से किसी का भी भला नहीं होने वाला नहीं है बल्कि इससे विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों को नुक़सान पहुंचेगा।  सरकार को यह चाहिए कि वह हर एक पद्धति को स्वतंत्र रूप से विकसित करें न की विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों को आपस में मिलाए।