भारत में आईफ़ोन बनाने वाली कंपनी के साथ एप्पल ने रोका बिज़नेस
भारत में एप्पल आईफ़ोन्स बनाने वाली ताइवान बेस्ड कंपनी विस्ट्रॉन (Wistron) प्राइवेट लिमिटेड की कर्नाटक स्थित फ़ैक्ट्री में हुई हिंसा ने एक नया रुख़ ले लिया है।
पिछले शनिवार को बेंगलुरू के पास फ़ैक्ट्री के कई हज़ार ठेका मज़दूरों ने कथित तौर पर मज़दूरी का भुगतान नहीं करने के कारण, फ़ैक्ट्री में तोड़फोड़ की थी।
मज़दूरों को उनकी मज़दूरी नहीं देने के आरोपों और हिंसा के बाद, अमरीका की कंपनी एपल ने अपने एक आधिकारिक बयान में कहा है कि फ़िलहाल विस्ट्रॉन के साथ कोई बिज़नेस नहीं किया जाएगा। एपल ने कहा है कि जब तक कंपनी स्थितियों में सुधार नहीं करती है, तब तक उसके साथ कोई बिज़नेस नहीं किया जाएगा।
रिपोर्ट के मुताबिक़, इस विवाद के बाद विस्ट्रॉन इंडिया ने अपने वाइस प्रेसीडेंट विंसेंट ली को पद से हटा दिया है।
वहीं कंपनी का कहना है कि तोड़फोड़ और लूटमार से उसे 437 करोड़ रुपये का नुक़सान हुआ है। पुलिस में कंपनी की ओर से लिखित शिकायत में कहा गया है कि इस तोड़फोड़ से उसे क़रीब 437 करोड़ रुपये का नुक़सान हुआ है। शिकायत में कहा गया है कि कई लोगों ने आईफ़ोन की चोरी भी की है और सबसे ज्यादा नुक़सान आईफ़ोन की चोरी से ही हुआ है।
कंपनी ने एक बयान जारी करके मज़दूरों को सही ढंग से या समय पर भुगतान नहीं किए जाने पर खेद जताते हुए माफ़ी मांगी है। msm
ताज़ातरीन ख़बरों, समीक्षाओं और आर्टिकल्ज़ के लिए हमारा फ़ेसबुक पेज लाइक कीजिए!
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए