भारत अब दूसरे देशों के दबाव में काम नहीं करताः भारतीय प्रधानमंत्री
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' में कहा कि अब भारत अन्य देशों के दबाव में आ कर काम नहीं करता।
सरकार के सात साल पूरे होने पर मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि इन सात बरसों में भारत ने डिजिटल लेन देन में दुनिया को नई दिशा दिखाने का काम किया है और आज किसी भी जगह जितनी आसानी से लोग तुरंत डिजिटल पेमेंट कर देते हैं, वह कोरोना के इस समय में बहुत उपयोगी साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि हम रेकॉर्ड सैटेलाइट भी प्रक्षेपित कर रहे हैं और रेकॉर्ड सड़कें भी बना रहे हैं जबकि इन सात वर्षों में देश के अनेक पुराने विवाद पूरी शांति और सौहार्द से सुलझाए गए हैं। मोदी ने कहा कि पूर्वोतर से लेकर कश्मीर तक शांति और विकास का एक नया भरोसा जगा है।
भारत के प्रधानमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि जब हम यह देखते हैं कि अब भारत दूसरे देशों की सोच और उनके दबाव में नहीं, अपने संकल्प से चलता है, तो सबको गर्व होता है। उन्होंने कहा कि जब हम देखते हैं कि अब भारत अपने ख़िलाफ़ साज़िश करने वालों को मुंहतोड़ ज़वाब देता है तो हमारा आत्मविश्वास और बढ़ता है और जब भारत राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर समझौता नहीं करता और जब हमारी सेनाओं की ताक़त बढ़ती हैं, तो हमें लगता है कि हम सही रास्ते पर हैं। (HN)
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए