ईरान, प्रतिबद्धताओं के प्रति कटिबद्ध हैः रूहानी
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i10249-ईरान_प्रतिबद्धताओं_के_प्रति_कटिबद्ध_हैः_रूहानी
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा है कि आज दुनिया को ईरान की ओर से प्रतिबद्धताओं के पालन का पूरा विश्वास है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
May ०३, २०१६ १२:३२ Asia/Kolkata
  • ईरान, प्रतिबद्धताओं के प्रति कटिबद्ध हैः रूहानी

राष्ट्रपति रूहानी ने कहा है कि आज दुनिया को ईरान की ओर से प्रतिबद्धताओं के पालन का पूरा विश्वास है।

डॉक्टर हसन रूहानी ने मंगलवार को तेहरान में 29वें अंतर्राष्ट्रीय किताब प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह में कहा कि तेहरान अपनी आस्था के आधार पर अपनी प्रतिबद्धताओं का पालन करेगा।

उन्होंने बल दिया कि विभिन्न देशों के राष्ट्रपतियों का ईरान दौरा और दीर्घकालिक समझौतों पर दस्तख़त से इस बात की पुष्टि होती है कि वे ईरान पर भरोसा करते हैं।

उन्होंने कहा कि ईरानी राष्ट्र ने विश्व के बड़े देशों के सामने जटिल परमाणु बातचीत में ऐसी सफलता हासिल की जो ईरान, सामने वाले पक्ष, क्षेत्र और दुनिया के हित में है।

ईरानी राष्ट्रपति ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि परमाणु बातचीत में दोनों पक्षों ने जीत का आभास किया, कहा कि क्षेत्र के कुछ देश इस बातचीत से ख़तरे का एहसास कर रहे थे और हर दिन किसी न किसी प्रकार की रुकावट खड़ी करने की कोशिश में लगे रहते थे किन्तु महान ईरानी राष्ट्र ने इस सफलता को उसके लक्ष्य तक पहुंचाया।

ईरान में मंगलवार से शुरु हुयी 29वीं अंतर्राष्ट्रीय किताब प्रदर्शनी 14 मई तक जारी रहेगी। इस प्रदर्शनी में प्रतिष्ठित प्रकाशक और विदेशी प्रतिनिधियों ख़ास तौर पर रूसी राष्ट्रपति के प्रतिनिधि भी उपस्थित हैं। (MAQ/N)