आतंकवाद व मादक पदार्थों की तस्करी से संघर्ष पर रूहानी का बल
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा है कि द्विपक्षयी, क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मामलों में तुर्कमनिस्तान से सहयोग में विस्तार ईरान की प्राथमिकताओं में शामिल है।
डाॅक्टर हसन रूहानी ने शनिवार की शाम तुर्कमनिस्तान के विदेश मंत्री रशीद मुरादोफ़ से तेहरान में हुई मुलाक़ात में कहा कि दोनों देशों ने एक दूसरे के साथ सफल सहयोग किया है और इस सहयोग को दोनों राष्ट्रों के हितों और क्षेत्रीय संबंधों में विस्तार के अनुसार बढ़ते रहना चाहिए। उन्होंने मादक पदार्थों की तस्करी, क्षेत्रीय शांति व स्थिरता की स्थापना और आतंकवाद से संघर्ष को ईरान व तुर्कमनिस्तान के बीच सहयोग के मैदान बताया और कहा कि क्षेत्रीय देशों के बीच बहुपक्षीय सहयोग का परिणाम आर्थिक संबंधों में विस्तार के अलावा क्षेत्र के देशों की स्थिरता, एकता व एकजुटता के रूप में सामने आएगा।
इस मुलाक़ात में तुर्कमनिस्तान के विदेश मंत्री रशीद मुरादोफ़ ने भी तेहरान व अश्काबाद के संबंधों में व्यापक विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि आंतकवाद, चरमपंथ और मादक पदार्थों की स्मगलिंग की रोकथाम पर दोनों देशों के अधिकारी बल देते हैं। (HN)