ईरान-चीन 25 वर्षीय रणनैतिक साझेदारी समझौते पर अमल शुरूः अब्दुल्लाहियान
ईरान के विदेश मंत्री हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान ने अपनी चीन यात्रा की समाप्ति पर शुक्रवार को कहा कि दोनों देशों के बीच सहमति बनी है कि आज से 25 वर्षीय समझौते पर अमल शुरू हो जाने का एलान कर दिया जाए।
चीन के विदेश मंत्री से अपनी विस्तृत मुलाक़ात के बाद विदेश मंत्री हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान ने कहा कि मैं 25 वर्षीय समझौते को लागू करने और क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों के बारे में इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति का लिखित संदेश चीन के राष्ट्रपति के लिए लाया था।
उन्होंने कहा कि वियेना में जारी वार्ता में चीन के प्रतिनिधि ने रूस के प्रतिनिधि के साथ मिलकर बड़ी सार्थक भूमिका निभाई और ईरान के परमाणु अधिकारों के समर्थन और ईरान पर लगे प्रतिबंध हटवाने की दिशा में उनका योगदान सराहनीय है।
क्या ईरान चीन 25 वर्षीय स्ट्रैटेजिक सहयोग समझौता?
ईरान और चीन के बीच इस महत्वपूर्ण समझौते की बात चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की जनवरी 2016 की तेहरान यात्रा से शुरू हुई। इसके बाद दोनों देशों के बीच मसौदे और दस्तावेज़ों के कई बार के आदान प्रदान के बाद मार्च 2021 में दोनों देशों के विदेश मंत्रियों ने समग्र सहयोग के दस्तावेज़ पर दस्तख़त किए। यह दस्तावेज़ ईरान और चीन के बीच समग्र सहयोग का रोडमैप है जिसके तहत दोनों देशों के बीच दर्जनों समझौते होंगे।
मीडिया में आने वाली रिपोर्टों के अनुसार इस समझौते के तहत ईरान और चीन के बीच ऊर्जा, इंफ़्रास्ट्रक्चर और सामरिक सहयोग के क्षेत्रों में अरबों डालर का लेनदेन होगा।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए