महत्वपूर्ण यात्रा पर मास्को पहुंचे राष्ट्रपति रईसी
इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति सैयद इब्राहीम रईसी रूस की यात्रा पर गए हैं। इस महत्वपूर्ण यात्रा के लिए रवाना होते समय राष्ट्रपति रईसी ने कहा कि ईरान और रूस के बीच होने वाली वार्ताएं इलाक़े की सुरक्षा, अर्थ व्यवस्था और व्यापार के लिए प्रभावी साबित होंगी।
राष्ट्रपति रईसी का कहना था कि रूसी राष्ट्रपति व्लादमीर पुतीन की दावत पर होने वाली यह यात्रा क्षेत्रीय कूटनीति को और अधिक मज़बूत करेगी। उन्होंने कहा कि हम रूस सहित अपने पड़ोसी देशों से मज़बूत रिश्ते चाहते हैं और राजनैतिक, आर्थिक तथा व्यापारिक क्षेत्रों में यह सफ़र रिश्तों की मज़बूती और सहयोग के नए अध्याय की शुरूआत साबित हो सकता है।
राष्ट्रपति रईसी ने कहा कि हम शंघाई सहयोग संगठन के दायरे में भी रूस सहित सभी देशों से सहयोग बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि ईरान और रूस के बीच संयुक्त हितों और आपसी सहयोग से पूरे क्षेत्र की शांति और सुरक्षा को मज़बूती मिलेगी।
राष्ट्रपति रईसी अपने इस सफ़र में रूस के राष्ट्रपति व्लादमीर पुतीन से मुलाक़ात करेंगे जबकि रूसी संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे और प्रवासी ईरानियों तथा रूसी उद्योगपतियों की बैठकों में भी हिस्सा लेंगे।
राष्ट्रपति रईसी का यह दो दिवसीय रूस दौरा है जिसमें विदेश मंत्री, पेट्रोलियम मंत्री और वित्त मंत्री भी उनके साथ हैं।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए