ज़ायोनी शासन समस्त देशों और क्षेत्र के लिए ख़तरा हैः विदेशमंत्री
विदेशमंत्री हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान ने अरब इमारात के विदेशमंत्री के साथ टेलीफोनी वार्ता में कहा कि क्षेत्र में जायोनी शासन की उपस्थिति समस्त देशों और क्षेत्र के लिए खतरा है।
समाचार एजेन्सी फार्स की रिपोर्ट के अनुसार हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान ने बुधवार की रात को संयुक्त अरब इमारात के विदेशमंत्री अब्दुल्लाह बिन ज़ायद आले नहियान से टेलीफोनी वार्ता में कहा कि युद्ध का जारी रहना और उसमें विस्तार क्षेत्र में किसी के भी पक्ष में नहीं है और इस बात का प्रयास किया जाना चाहिये ताकि संकट पैदा करने के कारण व कारक क्षेत्र में प्रभावी न हो सकें।
उन्होंने यमन संकट की ओर संकेत करते हुए कहा कि हमारा मानना है कि युद्ध का जारी रहना किसी के भी हित में नहीं है। इसी प्रकार विदेशमंत्री ने अरब इमारात के साथ द्विपक्षीय संबंधों को सकारात्मक बताया और कहा कि दोनों देशों के अधिकारियों के बीच अच्छे विचार विमर्श हुए हैं।
इस टेलीफोनी वार्ता में संयुक्त अरब इमारात के विदेशमंत्री ने भी कहा कि इमारात सरकार ईरान के साथ संबंध विस्तार में गंभीर है और वह विभिन्न क्षेत्रों में वार्ता के जारी रहने को ज़रूरी समझती है।
इसी प्रकार संयुक्त अरब इमारात के विदेश मंत्री ने यमन संकट के बारे में कहा कि हम यमन संकट के समाधान के लिए समस्त यमनी पक्षों को वार्ता की मेज़ पर लाने का प्रयास कर रहे हैं और हमारी कोशिश है कि यमन संकट का समाधान राष्ट्र संघ समर्थन और उसके प्रस्तावों के अनुसार किया जाये। MM
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए
हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!