ईरान ने की यूक्रेन संकट में मध्यस्थता की पेशकश
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i109582-ईरान_ने_की_यूक्रेन_संकट_में_मध्यस्थता_की_पेशकश
ईरान के विदेशमंत्री ने यूक्रेन के अपने समकक्ष के साथ टेलिफोन वार्ता में यूक्रेन संकट में मध्यस्थता करने की इच्छा जताई है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Feb १८, २०२२ ११:५९ Asia/Kolkata
  • ईरान ने की यूक्रेन संकट में मध्यस्थता की पेशकश

ईरान के विदेशमंत्री ने यूक्रेन के अपने समकक्ष के साथ टेलिफोन वार्ता में यूक्रेन संकट में मध्यस्थता करने की इच्छा जताई है।

हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान ने गुरूवार को देमेत्रो कूल्बा के साथ टेलिफोन पर बात की।  इस वार्ता में दोनो पक्षों ने क्षेत्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।

ईरान के विदेश मंत्री ने वार्ता के दौरान दोनो पक्षों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में संबन्ध विस्तार पर बल दिया।  उन्होंने यूक्रेन संकट की ओर संकेत करते हुए तनाव कम करने की आशा व्यक्त की।  अमीर अब्दुल्लाहियान का कहना था कि कूटनीति के माध्यम से इस संकट का समाधान संभव है।  उन्होंने कहा कि हम शांति एवं सुरक्षा के पक्षधर हैं।  ईरान के विदेशमंत्री ने कहा कि यूक्रेन संकट के शांतिपूर्ण समाधान के लिए तेहरान जो कुछ भी कर सकता है वह करने के लिए तैयार है।

इस वार्ता में यूक्रेन के विदेशमंत्री ने अपने देश के बारे में ईरान की नीतियों का सराहना करते हुए कहा कि हम युद्ध के इच्छुक नहीं हैं।  उनका कहना था कि हम भी इस संकट के कूटनीतिक समाधान के ही इच्छुक हैं।

उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों के दौरान यूक्रेन संकट बहुत तेज़ी से बढ़ता जा रहा है।  अमरीका और पश्चिमी देशों का यह दावा है कि रूस, यूक्रेन पर किसी भी समय हमला कर सकता है जबकि रूस ने बारंबार इस बात का खण्डन किया है।  रूस का कहना है कि वह यूक्रेन पर हमला नहीं करना चाहता।

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए