ईरान ने यूक्रेन में युद्ध का विरोध किया है
ईरान के विदेश मंत्री हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान ने रूस और यूक्रेन से हालिया संघर्ष का राजनीतिक समाधान निकालने का आहवान किया है और कहा है कि तेहरान मानवीय सहायता प्रदान करने में अंतर्राष्ट्रीय रेड क्रॉस के साथ सहयोग करने के लिए तैयार है।
बुधवार को रेड क्रॉस की अंतर्राष्ट्रीय समिति के अध्यक्ष पीटर मौरर के साथ टेलीफ़ोन पर हुई बातचीत में ईरानी विदेश मंत्री अमीर अब्दुल्लाहियान ने यूक्रेन के सीमावर्ती क्षेत्रों में सहायता वितरण और यमन और अफ़ग़ानिस्तान की मानवीय स्थिति के साथ-साथ द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने के तरीक़ों पर चर्चा की।
इस बातचीत में ईरानी विदेश मंत्री ने राजनीतिक रूप से यूक्रेन संकट को हल करने के महत्व पर बल दिया और कहा कि युद्ध कोई समाधान नहीं है।
ईरानी विदेश मंत्री ने रेड क्रॉस की अंतर्राष्ट्रीय समिति और ईरानी रेड क्रिसेंट सोसाइटी के बीच सहयोग को मज़बूत बनाने का भी आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि संघर्ष शुरू होने के ठीक बाद, ईरान ने यूक्रेन में अपने नागरिकों को सुरक्षित रूप से निकालने के लिए प्रयास शुरू कर दिए और मानवीय स्थिति में सुधार के लिए विदेश मंत्रालय में एक विशेष समिति का गठन किया। msm