तालेबान प्रवक्ता का एलानः ख़वाफ़-हेरात रेलवेलाइन को चीन तक पहुंचाएगा ईरान
तालेबान के प्रवक्ता ज़बीहुल्ला मुजाहिद ने कहा है कि विदेशी निवेश के लिए हालात अनुकूल हैं और ईरान ख़वाफ़-हेरात रेलवेलाइन को बदख़्शां और फिर वहां से चीन तक पहुंचाएगा।
तालेबान के सूचना व संस्कृति मंत्रालय के उपमंत्री और प्रवक्ता मुजाहिद का कहना था कि ईरान ने रेलवेलाइन के प्रोजेक्ट को पूरा करने का वादा किया है जबकि ईरान को अफ़ग़ानिस्तान में खदानों की परियोजनाओं पर काम करने का भी प्रस्ताव दिया गया है।
ज़बीहुल्ला मुजाहिद ने कहा कि नया साल अफ़ग़ानिस्तान के लिए बड़ी उपलब्धियों वाला साल होगा क्योंकि तालेबान सरकार ने हालात को विदेशी निवेश के लिए बहुत अनुकूल बना दिया है। उन्होंने कहा कि हमने अफ़ग़ानिस्तान के हितों को मद्देनज़र रखते हुए विदेशी निवेश के क़ानूनों और नियमो को बिल्कुल पारदर्शी बना दिया है। मुजाहिद ने कहा कि हमारी योजना के अनुसार काम हुआ तो नए साल में विदेशी निवेश के नतीजे में आर्थिक संकट दूर होगा।
तालेबान के प्रवक्ता ने कहा कि अफ़ग़ानिस्तान की बड़ी परियोजनाओं के लिए विदेशी निवेश मौजूद है जिसके लिए हमने रास्ता साफ़ कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान खनन के साथ ही दूसरी परियोजनाओं में भी निवेश कर सकता है।
मुजाहिद ने कहा कि ईरान के अधिकारियों ने वादा किया है कि वे अफ़ग़ानिस्तान में बहुत बड़ी रेलवे परियोजना पर काम करेंगे।
प्रवक्ता ने बताया कि इस समय भी हरात में ऊर्जा की कई परियोजनाओं सहित देश की बहुत सी परियोजनाएं ईरान के हाथ में हैं जिन पर वह काम कर रहा है।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए