रूसी कूटनयिकः परमाणु समझौते की बहाली में कोई रुकावट नज़र नहीं आती
रूस के विदेश मंत्रालय में परमाणु अप्रसार विभाग के प्रमुख व्लादीमीर यरमाकोफ़ ने कहा कि ईरान के साथ परमाणु समझौते के मार्ग में कोई रुकावट नज़र नहीं आती।
यरमाकोफ़ ने शनिवार को कहा कि ईरान की परमाणु डील की बहाली के मार्ग की सारी रुकावटें हट चुकी हैं कोई भी चीज़ अब एसी नहीं बची है जिसे हल न किया जा सकता हो।
यरमाकोफ़ ने कहा कि कूटनीति में अकसर देखने में आता है कि आख़िरी चरण बहुत कठिन है मगर ईरान के साथ समझौते के मामले में हमारे सामने कोई महत्वपूर्ण रुकावट नहीं है।
रूसी अधिकारी ने अमरीकी नीतियों की तरफ़ इशारा करते हुए कहा कि मुख्य बिंदु यह है कि सारे पक्ष सही दिशा में आगे बढ़ें और अपने आंतरिक राजनैतिक मुद्दों को इस विषय में न उलझाएं। उन्होंने कहा कि मैं आशा करता हूं कि अमरीकियों के बयान और उनकी गैरेंटी चुनाव से पहले दिए जाने वाले नारों के समान न हो।
ज्ञात रहे कि ईरान पर लगे अमरीकी प्रतिबंधों को हटवाने के लिए वियेना में ईरान के साथ विश्व शक्तियों की बातचीत हो रही है। अमरीका के साथ ईरान की वार्ता यूरोप के माध्यम से हो रही है। दोनों पक्षों की ओर से प्रगति की सूचना आई है मगर यह ख़बरें भी बार बार आ रही हैं कि अमरीकी वार्ताकार टीम तार्किक मांगों पर भी अमल नहीं करना चाहती जिसकी वजह से अंतिम सहमति नहीं बन पा रही है।
ईरान से विश्व शक्तियों का यह समझौता 2015 में हुआ था मगर अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प 2018 में समझौते से निकल गए और उन्होंने समझौते का उल्लंघन करते हुए ईरान पर प्रतिबंध लगा दिए थे।
अब वियेना में यह प्रतिबंध हटाने और समझौता बहाल करने के लिए आठवें दौर की वार्ता हो रही है जो अस्थायी रूप से रुकी है।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए