मेहरान से हज़ारों लोग रोज़ाना जा रहे हैं करबला
ईरान के ईलाम प्रांत के गवर्नर ने बताया है कि देश की महरान सीमा से प्रतिदिन अरबईन के लगभग पांच हज़ार श्रद्धालु गुज़र रहे हैं।
हुसैन बेहरामनिया ने गुरूवार को बताया कि मेहरान से गुज़रने वाले अरबईन के श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है जिसमें आगे चलकर अधिक वृद्धि की संभावना है।
उन्होंने कहा कि फ़िलहाल तो यहां से रोज़ान 4 से 5 हज़ार श्रद्धालु गुज़र रहे हैं किंतु अरबईद के नज़दीक होते-होते यह संख्या बहुत बढ़ जाएगी। ईलाम प्रांत के गवर्नर ने बताया कि अरबईन के यात्रियों के लिए उचित सेवाओं का प्रबंध किया गया है।
ईरान का मेहरान बार्डर, बग़दाद से लगभग 230 किलोमीटर के फासले पर है। इराक़ की राजधानी बग़दाद से यह ईरान का सबसे निकटवर्ती नगर है। इराक़ के पवित्र स्थलों के लिए कम दूरी और अच्छी सुरक्षा व्यवस्था के कारण बहुत से लोग इराक़ जाने के लिए मेहरान का प्रयोग करते हैं।
इससे पहले ईरान के दक्षिणी प्रांत खुज़िस्तान में खुर्रमशहर के गवर्नर ने एक बयान जारी करके कहा है कि अरबईने हुसैनी या इमाम हुसैन के चेहलुम में भाग लेने के उद्देश्य से करबला जाने के लिए विदेशी नागरिकों की आवाजाही का बार्डर, शलम्चे बॉर्डर होगा। ईरान से गुज़रने वाले विदेशियों के लिए शलम्चे बार्डर ही एकमात्र रास्ता होगा।
याद रहे कि इमाम हुसैन का चेहलुम इस वर्ष 17 सितंबर को हो सकता है। विश्व के विभिन्न देशों के लोग इस अवसर पर इराक़ के पवित्र नगर करबला जाते हैं।
अरबईन से कुछ दिन पहले से इराक़ के एक अन्य पवित्र नगर नजफ़ से श्रद्धाुल पैदल करबला की ओर प्रस्थान करते हैं। वैसे इराक़ में यह परंपरा है कि इमाम हुसैन के चेहलुम के दिन लोग दूर-दूर से पैदल चलकर करबला आते हैं।
अरबईन में इराक़ियों के बाद सबसे बड़ी संख्या ईरानियों की होती है जिसके बाद पाकिस्तान, भारत, अफ़ग़ानिस्तान और कई अन्य देशों के लाखों लोग करबला पहुंचते हैं।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए