ईरान के ख़ुफ़िया मंत्रालय और मंत्री पर अमरीका के प्रतिबंधों की आलोचना
ईरान के विदेश मंत्रालय ने तेहरान के ख़िलाफ़ वाशिंगटन के नए प्रतिबंधों की कड़ी आलोचना की है।
ग़ौरतलब है कि जुलाई में अल्बानिया की एक सरकारी वेबसाइट पर हुए साइबर हमले का ईरान पर आरोप लगाते हुए शुक्रवार को अमरीका ने ईरान के ख़ुफ़िया मंत्रालय और मंत्री पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा कर दी।
इसके बाद शुक्रवार को ही ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नासिर कनानी ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए अमरीका के इस क़दम की आलोचना की।
कनानी ने तेहरान के साथ संबंध तोड़ने के तिराना के फ़ैसले को अपरिपक्व और जल्दबाज़ी में उठाया गया क़दम क़रार दिया।
ग़ौरतलब है कि बुधवार को अल्बानिया के प्रधान मंत्री ने यह दावा करते हुए कि जुलाई में हुए साइबर हमले में ईरान का हाथ था, तेहरान के साथ कूटनीतिक संबंध तोड़ने की घोषणा कर दी और तिराना में मौजूद ईरानी कूटनयिकों से कहा कि वह देश छोड़कर चले जाएं।
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता का कहना था कि अल्बानियाई सरकार के निराधार आरोपों पर अमरीका की तुरंत प्रतिक्रिया और प्रतिबंधों की घोषणा से साफ़ ज़ाहिर है कि इस ड्रामे का रचनाकार अल्बानिया नहीं बल्कि अमरीका है, तिराना तो वाशिंगटन के इस ड्रामे की भेंट चढ़ रहा है। msm