इराक़ के नए प्रधान मंत्री को ईरानी राष्ट्रपति ने दी बधाई
ईरान के राष्ट्रपति सैयद इब्राहीम रईसी ने इराक़ के नए प्रधान मंत्री को प्रधान मंत्री का पद संभालने और देश में नई सरकार के गठन के लिए मुबारकबाद पेश की है।
शुक्रवार को राष्ट्रपति रईसी ने इराक़ के नए प्रधान मंत्री मोहम्मद शीआ सूदानी को मुबारकबाद दी और नई सरकार के गठन में सफलता की मनोकामना की।
ईरान के राष्ट्रपति ने इराक़ी प्रधान मंत्री के नाम अपने बधाई संदेश में कहाः स्वतंत्र और मज़बूत इराक़, कि जो क्षेत्र में सकारात्मक और रचनात्मक भूमिका निभा सके और क्षेत्र की सुरक्षा में योगदान दे सके, इराक़ी जनता और क्षेत्रीय देशों के पक्ष में है।
राष्ट्रपति इब्राहीम सईसी का कहना था कि ईरान ने हमेशा ही अपने पड़ोसी देश की राजनीतिक प्रक्रिया में जनता की भूमिका का समर्थन किया है और वह इराक़ के साथ अपने रिश्तों के विस्तार के लिए हर संभव प्रयास करता रहेगा।
ईरानी राष्ट्रपति ने आशा जताई कि शीआ सूदानी के शासनकाल में दोनों देशों के रिश्ते मज़बूत होंगे और परस्पर सहयोग में विस्तार होगा।
इराक़ में पिछले साल अक्तूबर में आम चुनाव आयोजित हुए थे, लेकिन किसी भी दल या राजनीतिक गठबंधन को सरकार के गठन के लिए ज़रूरी बहुमत प्राप्त नहीं हुआ था, जिसके बाद से सरकार के बनाने के समस्त प्रयास विफल रहे थे। msm