ईरान ने की बग़दाद के आतंकी हमले की निंदा
ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने बग़दाद धमाकों की कड़े शब्दों में निंदा की है।
ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता सादिक़ हुसैन जाबिरी अंसारी ने मंगलवार को हुए बग़दाद के धमाकों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि आतंकवाद के विरुद्ध संघर्ष में इराक़ और सीरिया का समर्थन, विश्व सुरक्षा के समर्थन जैसा है।
जाबिरी अंसारी ने इराक़ी सरकार और जनता तथा मारे गये और घायलों के परिजनों को सांत्वना देते हुए इराक़ी नागरिकों के विरुद्ध अपराधिक कार्यवाहियों में वृद्धि को रणक्षेत्र में सेना और स्वयंसेवी बलों के हाथों आतंकियों की पराजय का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि आतंकवादी स्वयं को हुए नुक़सानों की भरपाई के लिए इराक़ी राष्ट्र, सरकार और सेना तथा स्वयंसेवी बलों से प्रतिशोध ले रहे हैं।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने इसी प्रकार आतंकवाद के विरुद्ध संघर्ष में इराक़ी सरकार और राष्ट्र की प्रभावी सहायता पर बल देते हुए तकफ़ीरी विचारधाराओं के बारे में क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सभी की ज़िम्मेदारी है। उनका कहना था कि तकफ़ीरी आतंकवाद पूरी दुनिया के लिए ख़तरा है और सीरिया की भांति इराक़ में आतंकवाद से संघर्ष की फ़्रंट लाइन पर है।
ज्ञात रहे कि मंगलवार को बग़दाद के विभिन्न क्षेत्रों में होने वाले आतंकी हमलों में कम से कम 75 लोग हताहत और 110 से अधिक घायल हुए थे। (AK)