आईएईए में ईरान के ख़िलाफ़ प्रस्ताव का जवाब देगा तेहरान
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने आईएईए के बोर्ड ऑफ़ गवरनर्स में ईरान विरोधी प्रस्ताव पारित करने की निंदा करते हुए कहा है कि इसके जवाब के लिए तेहरान भी कुछ क़दम उठाने जा रहा है।
ईरान के ख़िलाफ़ अमरीका और तीन यूरोपीय देशों ब्रिटेन, फ़्रांस और जर्मनी ने बोर्ड ऑफ़ गवरनर्स में प्रस्ताव का मसौदा पेश किया था, जिसे गुरुवार को 2 के मुक़ाबले में 26 मतों से पारित कर दिया गया। 3 सदस्य देशों ने मतदान में भाग नहीं लिया।
ग़ौरतलब है कि 2015 में हुए परमाणु समझौते के लागू होने के बाद से इस्राईल के दबाव में ईरान के ख़िलाफ़ यह तीसरा प्रस्ताव पारित हुआ है।
19 जून 2020 और 8 जून 2022 को भी अमरीका के समर्थन से यूरोपीय देशों द्वारा पेश किए गए प्रस्तावों को पारित किया गया था।
तेहरान ने आईएईए के बोर्ड ऑफ़ गवरनर्स द्वारा पारित किए गए प्रस्ताव को ग़ैर-चनात्मक, कूटनीति विरोधी और जल्दबाज़ी में उठाया गया क़दम बताया है।
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नासिर कनानी ने रविवार को अमरीका और यूरोपीय देशों के इस क़दम की आलोचना करते हुए कहा कि ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन ने इसके जवाब में कुछ क़दम उठाने की योजना तैयार की है, जिसमें से कुछ को तत्काल रूप से प्रभावी कर दिया गया है। msm