ईरान ने पाकिस्तानी दूतावास पर हमले की निंदा की
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i119238-ईरान_ने_पाकिस्तानी_दूतावास_पर_हमले_की_निंदा_की
ईरान ने काबुल में स्थित पाकिस्तानी दूतावास पर आतंकी हमले की निंदा की है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Dec ०३, २०२२ १४:०९ Asia/Kolkata
  • ईरान ने पाकिस्तानी दूतावास पर हमले की निंदा की

ईरान ने काबुल में स्थित पाकिस्तानी दूतावास पर आतंकी हमले की निंदा की है।

इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता नासिर कनआनी ने अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में पाकिस्तानी दूतावास और पाकिस्तान के उच्चायोग पर सशस्त्र लोगों की ओर से आतंकी हमले और क़ातेलाना हमले की निंदा की।

उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं अफ़ग़ानिस्तान की शांति और सुरक्षा को नुक़सान पहुंचाने की साज़िश हैं।

नासिर कनआनी ने बेगुनाह अफ़ग़ान जनता के विरुद्ध आतंकी हमले जारी रहने पर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए अफ़ग़ानिस्तान के क्षेत्र समनगान में एक स्कूल और इस देश की हिज़्बे इस्लामी के कार्यालय पर हमलों की निंदा की।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के निरंतर आतंकी हमलों से अफ़ग़ानिस्तान अशांति और अस्थिरता का शिकार हो जाएगा जो इस देश की जनता और क्षेत्र के हित के विरुद्ध है।

ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने आतंकवाद से प्रभावी ढंग से मुक़ाबला करने के लिए क्षेत्रीय स्तर पर आपसी सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।

ज्ञात रहे कि शुक्रवार को काबुल में पाकिस्तान के दूतावास पर फ़ायरिंग की घटना घटी, फ़ायरिंग की घटना उस समय डटी जब पाकिस्तान के प्रभारी राजदूत अब्दुर्रहमान निज़ामानी टहल रहे थे। इस घटना में प्रभारी राजदूत सुरक्षित रहे जबकि उनका गार्ड घायल हो गया। गार्ड को 3 गोलियां लगीं।

फ़ायरिंग की घटना के बाद कूटनयिकों को पाकिस्तानी सरकार ने स्वदेश वापस बुला लिया।

कूटनयिक सूत्रों के अनुसार तालेबान की आरंभिक जांच के अनुसार गोलियां निकटवर्ती इमारत से चलाई गयी। (AK)