फ्रांसीसी राजदूत को तलब किया गया विदेश मंत्रालय में
एक फ़्रांसीसी पत्रिका द्वारा ईरान के वरिष्ठ अधिकारियों के अनादर तथा धार्मिक भावनाओं और आस्था को ठेस पहुंचाने वाली कार्यवाही के बाद फ़्रांस के राजदूत को बुधवार को ईरान के विदेश मंत्रालय में तलब किया गया।
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने फ्रांसीसी राजदूत निकोलस रश को ईरान के कड़े विरोध से अवगत करवाया। नासरि कनआनी ने कहा कि ईरान किसी भी स्थति में धार्मिक, इस्लामी और राष्ट्रीय अपमान को स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर दूसरे देशों और राष्ट्रों की आस्था और भावनाओं का अनादर नहीं किया जा सकता।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता का कहना था कि इस प्रकार के आपत्तिजनक कामों के लिए ईरान, फ्रांस की सरकार को ही ज़िम्मेदार समझता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की अपमान जनक कार्यवाही का उत्तर देने के अधिकार का ईरान इस्तेमाल करेगा।
कनआनी ने फ्रांस के राजदूत को आपत्तिपत्र देते हुए कहा कि फ्रांसीसी पत्रिका शार्ली अब्दों की अपमानजनक कार्यवाही के बाद ईरान इस बारे में फ्रांसीसी सरकार की ओर से क्षमा और स्पष्टीकरण की प्रतीक्षा में है। फ्रांसीसी राजदूत का कहना है कि वे ईरान की आपत्ति को सरकार तक अवश्य पहुंचाएंगे।
ज्ञात रहे कि फ्रांस की कुख्यात पत्रिका शार्ली हेब्दो ने हाल में भड़काऊ कार्यवाही करते हुए ईरान में उपद्रव फैलाने वालों के समर्थन में आपत्तिजनक कार्टून की एक प्रतियोगिता आयोजित की थी फिर बाद में ईरान के वरिष्ठ अधिकारियों के अनादर के उद्देश्य से उनको पत्रिका में प्रकाशित किया है।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए