अमरीका का दोहरा रवैया जेसीपीओए के क्रियान्वयन में ढिलाई का कारण
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i12196-अमरीका_का_दोहरा_रवैया_जेसीपीओए_के_क्रियान्वयन_में_ढिलाई_का_कारण
ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव ने अमरीका के दोहरे रवैये को परमाणु समझौते के क्रियान्वयन में गुट पांच धन एक के सदस्य देशों के वादों पर धीमी गति से अमल के लिए ज़िम्मेदार बताया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
May २१, २०१६ १५:५७ Asia/Kolkata
  • अमरीका का दोहरा रवैया जेसीपीओए के क्रियान्वयन में ढिलाई का कारण

ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव ने अमरीका के दोहरे रवैये को परमाणु समझौते के क्रियान्वयन में गुट पांच धन एक के सदस्य देशों के वादों पर धीमी गति से अमल के लिए ज़िम्मेदार बताया है।

अली शमख़ानी ने शनिवार की शाम न्यूज़ीलैंड के विदेश मंत्री मुरै स्टूअर्ट मैककुली से मुलाक़ात में कहा कि जेसीपीओए को लागू करने में ईरान की ओर से सद्भावना दिखाए जाने और इस समझौते को तेज़ी से लागू करने के लिए कुछ पक्षों की ओर से प्रभावी प्रयासों के बावजूद अमरीका का दोहरा और अस्पष्ट रवैया, गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने परमाणु निरस्त्रीकरण और मादक पदार्थों से संघर्ष जैसे विषयों में ईरान व न्यूज़ीलैंड के समान दृष्टिकोणों की ओर संकेत करते हुए कहा कि व्यापारिक, राजनैतिक और आर्थिक क्षेत्रों में दोनों देशों के आपसी सहयोग को विस्तृत करने की उचित संभावनाएं मौजूद हैं।

इस मुलाक़ात में न्यूज़ीलैंड के विदेश मंत्री मुरै स्टूअर्ट मैककुली ने ईरान के साथ अपने देश के संबंधों को अधिक से अधिक विस्तृत करने के संकल्प पर बल देते हुए कहा कि राजनैतिक, सुरक्षा व आर्थिक मामलों में ईरान क्षेत्र का एक बड़ा, शक्तिशाली व प्रभावी देश है। उन्होंने कहा कि उनका देश आतंकवाद से संघर्ष के संबंध में पूरी तरह से गंभीर है और वह आतंकवाद के ख़तरे को अच्छी तरह से समझता है, इसी लिए उससे सही अर्थ में मुक़ाबला किए जाने पर बल देता है। (HN)