सीरिया में मानवाधिकारों का दम भरने वालों की पोल खुल गयीः विदेशमंत्री
ईरान के विदेश मंत्री का कहना है कि दुर्भाग्य से, युद्ध की समस्याओं के प्रति अंतर्राष्ट्रीय समुदाय की उदासीनता और सीरिया में भूकंप पीड़ितों को सहायता के प्रावधान के लिए प्रतिबंधों ने एक बार फिर मानवाधिकारों के दावेदारों के दोहरे मानकों को उजागर किया है।
ईरान के विदेश मंत्री हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान ने अपने सीरियाई समकक्ष के साथ एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि सीरियाई क्षेत्र से विदेशी सैनिकों की वापसी सुनिश्चित की जाए और देश की क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाए।
उनका कहना था कि तेहरान, सीरिया और क्षेत्र की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता, सुरक्षा और स्थिरता का सम्मान करने के लिए सभी पक्षों से आह्वान करता है।
विदेशमंत्री ने सीरिया में आए दुखद भूकंप के पीड़ितों के प्रति सहानुभूति और एकजुटता व्यक्त करते हुए कहा कि मैं यहां सीरिया के प्रिय लोगों के साथ सहानुभूति और एकजुटता व्यक्त करने आया हूं।
उन्होंने कहा कि तेहरान और दमिश्क एक दूसरे के दोस्त हैं और हम मुश्किल वक्त में भी साथ रहेंगे।
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेश मंत्री ने कहा कि अवैध इस्राईली शासन ने भूकंप के बाद कठोर और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अलेप्पो हवाई अड्डे पर बमबारी की जो न केवल इस अवैध और जाली शासन की क्रूरता को दर्शाता है बल्कि यह भी दर्शाता है कि अवैध ज़ायोनी शासन आंतरिक संकट से जूझ रहा है और वह इस तरह के उपायों से अंतर्राष्ट्रीय समुदाय का ध्यान अपनी तरफ से हटाने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने संकटों से बाहर निकलने का एकमात्र रास्ता बहुपक्षीय क्षेत्रीय वार्ताओं को क़रार दिया और कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान क्षेत्रीय संबंधों को सामान्य बनाने और क्षेत्र के विकास के लिए किसी भी पहल का स्वागत करता है।
विदेशमंत्री अमीर अब्दुल्लाहियान ने कहा कि हम सीरिया में भूकंप पीड़ितों के लिए आवास, चिकित्सा और मानवीय सहायता के लिए अपना समर्थन जारी रखेंगे।
ईरान के विदेश मंत्री तुर्की और सीरिया की चार दिवसीय यात्रा के बाद कल तेहरान लौट आए। (AK)
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए