देश के विकास में परमाणु तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका है, वरिष्ठ नेता
ईरान की इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता ने परमाणु वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों को संबोधित करते हुए कहा है कि परमाणु उद्योग, देश की प्रगति की कुंजी है।
रविवार को परमाणु वैज्ञानिकों, विशेषज्ञों और परमाणु उद्योग से संबंधित अधिकारियों के साथ मुलाक़ात में वरिष्ठ नेता आयतुल्लाहिल उज़मा सैयद अली ख़ामेनई ने कहाः ईरान की वैश्विक राजनीतिक स्थिति के मद्देनज़र, परमाणु उद्योग हमारे राष्ट्रीय सम्मान का कारण है, इसके अलावा दुश्मनों द्वारा हमार जवानों को निराश करने और उनके आत्मविश्वास को कमज़ोर करने के मुक़ाबले में समाज के आत्मविश्वास को मज़बूत और ज़िंदा करता है। इससे जवानों को समझ में आता है कि हम बड़े मैदानों में कूद सकते हैं और उन पर निंयत्रण हासिल कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर ईरान के परमाणु बुनियादी ढांचे को टच नहीं किया जाता है, तो परमाणु समझौता करने में कोई समस्या नहीं है। हालांकि पश्चिम ने कई बार अपने वादों और प्रतिबद्धताओं से मुकर कर, अपनी अविश्वसनीयता को साबित कर दिया है।
वरिष्ठ नेता ने कहा कि दुश्मनों ने ईरान को निशाना बनाने के लिए हमेशा यह दावा किया कि ईरान परमाणु हथियार बना रहा है, लेकिन वे ख़ुद अच्छी तरह जानते हैं कि यह दावा सिर्फ़ एक झूठ था। उन्होंने कहा कि दुश्मन जानते थे कि परमाणु तकनीक देश की वैज्ञानिक प्रगति के लिए महत्वपूर्ण है, इसीलिए उन्होंने पिछले 20 वर्षों से हमारे लिए परमाणु चुनौतियां उत्पन्न कीं। परमाणु हथियारों का बहाना झूठा है और वे इस बात से अवगत हैं।
उन्होंने कहाः हम अपने इस्लामी सिद्धांतों के आधार पर, परमाणु हथियारों की ओर नहीं जाना चाहते हैं, अगर हम ऐसा करना चाहते, तो वे हमें रोक भी नहीं सकते थे, जिस तरह से अभी तक वे हमें परमाणु विकास से नहीं रोक सके।
इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता का कहना था कि परमाणु उद्योग, तकनीक, अर्थव्यवस्था, स्वास्थ्य और अन्य क्षेत्रों में देश की क्षमता और प्रगति को बढ़ाता है और राष्ट्र और लोगों के जीवन को बेहतर बनाता है, दूसरे वैश्विक और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की राजनीतिक शक्ति में वृद्धि करता है।
उन्होंने आगे कहाः विभिन्न क्षेत्रों में अधिकांश लोगों ने चाहे वह वार्ता के दूसरे पक्ष हों या अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी हो, हमसे वादे किए, लेकिन उन्होंने अपने वादों को पूरा नहीं किया, यहां तक कि उन्होंने इस प्रक्रिया को रोकने के लिए हमारे वैज्ञानिकों को शहीद किया, लेकिन वे हमें नहीं रोक सके और आज परमाणु तकनीक ने स्वदेशी रूप धारण कर लिया है और इसे अब हमसे कोई छीन नहीं सकता है।
ईरान की इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता का कहना थाः अगर आपको एक शक्तिशाली ईरान चाहिए, तो विज्ञान, अनुसंधान और औद्योगिक प्रयासों को महत्व दीजिए और उनका सम्मान कीजिए। जो भी ईरान को अपना दोस्त समझता है, जो भी इस्लामी गणतंत्र को अपने दोस्त समझता है, जो भी राष्ट्र से प्रेम करता है और उसे शक्तिशाली देखना चाहता है, वह इस क्षेत्र से जुड़े कार्यों को महत्व देगा और उसका सम्मान करेगा।