ईरान का तेल निर्यात पिछले पांच साल में सबसे ऊचे स्तर पर
अमरीका की पाबंदियों के बावजूद इस्लामी गणराज्य ईरान का तेल निर्यात इस समय पिछले पांच साल में सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है।
मई महीने में ईरान ने रोज़ाना 15 लाख बैरल से अधिक तेल का निर्यात किया है। यह वर्ष 2018 के बाद से ईरान के तेल निर्यात की सबसे ऊंची दर है।
रोयटर्ज़ ने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि अमरीका की पाबंदियों के बावजूद ईरान में तेल का उत्पादन और निर्यात नए रिकार्ड स्तर पर पहुंच गया है। वर्ष 2018 में अमरीका के ट्रम्प प्रशासन के परमाणु समझौते से निकल जाने के बाद और ईरान पर अमरीका की ओर से कठोर पाबंदियां लगाए जाने के बाद ईरान का तेल निर्यात काफ़ी गिर गया था।
इससे पहले तक ईरान रोज़ाना लगभग 25 लाख बैरल तेल का निर्यात कर रहा था।
ईरान ने मई महीने में रोज़ाना 30 लाख बैरल से अधिक तेल का उत्पादन किया। ईरान के तेल उत्पादन और निर्यात की दर में वृद्धि तब हुई है जब ओपेक प्लस ने अपना तेल का उत्पादन कम कर दिया है ताकि तेल की मंडियों में स्थिरता आ सके।
अमरीका के विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि ईरान पर सारे प्रतिबंध जारी रहेंगे और अगर कोई देश ईरान से व्यापार करता है तो उसके ख़िलाफ़ कार्यवाही की जाएगी।
इस समय चीन ईरान के तेल का सबसे बड़ा ख़रीदार है जबकि कुछ अन्य देश भी ईरान से तेल ख़रीद रहे हैं।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए