जापानी प्रधान मंत्री से ईरानी विदेश मंत्री की मुलाक़ात
जापान के प्रधान मंत्री के साथ मुलाक़ात में ईरान के विदेश मंत्री ने दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक सहयोग के लिए एक रोडमैप तैयार करने का स्वागत करते हुए कहा कि ईरान और जापान के बीच राजनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को मज़बूत बनाए जाने की ज़रूरत है।
ईरान के विदेश मंत्री हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान ने सोमवार को जापानी प्रधान मंत्री फ़ुमियो किशिदा से मुलाक़ात की और महत्वपूर्ण द्विपक्षीय मुद्दों पर विचार विमर्श किया।
अमीर अब्दुल्लाहियान का कहना था कि पिछले साल संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक के अवसर पर, दोनों देशों के अधिकारियों की मुलाक़ात, दोनों देशों द्वारा द्विपक्षीय संबंधों के विस्तार में दिलचस्पी का संकेत है।
उन्होंने दोनों देशों के संबंधों और क्षेत्रीय घटनाक्रमों के बारे में जापानी प्रधान मंत्री के व्यापक ज्ञान को, दोनों देशों के बीच सहयोग में वृद्धि के लिए मूल्यवान पूंजी बताया।
इस मुलाक़ात में जापानी प्रधान मंत्री किशिदा ने कहा कि पिछले साल राष्ट्रपति रईसी से उनकी महत्वपूर्ण मुलाक़ात हुई, जिससे पता चलता है कि दोनों देश द्विपक्षीय संबंधों को कितना महत्व देते हैं।
उन्होंने फ़ार्स खाड़ी के इलाक़े में नए सकारात्मक घटनाक्रमों पर प्रसन्नता जताते हुए कहाः टोक्यो स्थायी स्थिरता के लिए क्षेत्रीय सहयोग का समर्थन करता है। msm