पश्चिम ने तेहरान पर लगाए फिर प्रतिबंध, ईरान की कड़ी प्रतिक्रिया
तेहरान के खिलाफ नए पश्चिमी प्रतिबंधों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नासिर कनआनी ने कहा है कि पश्चिम द्वारा ग़ैर-रचनात्मक व्यवहार जारी रखना, बिल्कुल भी उनके हित में नहीं है।
ब्रिटेन, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा जैसे चार देशों ने मानवाधिकार मुद्दों के बहाने ईरान की कुछ हस्तियों के खिलाफ पिछले साल के दंगों का समर्थन करने की वजह से प्रतिबंध लगाए हैं।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता नासिर कनआनी ने कुछ यूरोपीय देशों और अमेरिकी प्रशासन की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जिसमें हस्तक्षेपपूर्ण बयान जारी करने के अलावा, कुछ अधिकारियों, ईरानी मीडिया और उसके अधिकारियों के खिलाफ प्रतिबंधों की घोषणा भी की गई थी, कहा कि खेद की बात यह है कि कुछ पक्ष जिनके काले कारनामों का रिकॉर्ड है और मानव और महिलाओं के अधिकारों के मुद्दे पर जिनका इतिहास ख़राब है, राजनीतिक बयानबाज़ी और बारम्बार अप्रभावी प्रतिबंधों का ढोल पीट रहे हैं।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने इन हस्तक्षेपपूर्ण कार्रवाइयों और बयानों तथा हास्यास्पद और पाखंडी ड्रामेबाज़ी की निंदा करते हुए कहा कि ऐसे देश जो लगातार अपने नागरिकों, विशेष रूप से महिलाओं, अल्पसंख्यकों, श्यामवर्ण के लोगों, मूल निवासियों और आप्रवासियों के खिलाफ सबसे गंभीर हिंसा करते हैं और बच्चों के हत्यारे ज़ायोनी शासन के बारे में कुछ भी नहीं करते, उन्हें ईरानी राष्ट्र के प्रति घड़ियाली आंसू बहाने का कोई अधिकार नहीं है। (AK)