ईरान ने भर्त्सना की
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने जायोनी सरकार द्वारा लेबनान के इस्लामी प्रतिरोध आंदोलन हिज्बुल्लाह के एक वरिष्ठ कमांडर वेसाम हसन तवील को शहीद किये जाने की तीव्र भर्त्सना की है।
लेबनान के इस्लामी आंदोलन हिज्बुल्लाह ने सोमवार को एक बयान जारी करके अपने एक वरिष्ठ कमांडर के शहीद होने की खबर दी थी।
समाचार एजेन्सी इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता नासिर कनआनी चाफी ने कहा कि जायोनी सरकार द्वारा हिज्बुल्लाह के एक वरिष्ठ कमांडर की हत्या उसकी सैनिक अक्षमता व कमज़ोरी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि गत तीन महीनों के दौरान जायोनी सरकार को जो अपमानजक पराजय गज्जा पट्टी और पश्चिमी किनारे पर मिली है इस प्रकार की कार्यवाहियों व हमलों से उस पराजय की भरपाई नहीं की जा सकती।
उन्होंने क्षेत्र में युद्ध को विस्तृत करने हेतु जायोनी सरकार के कुप्रयासों की ओर से सुरक्षा परिषद और राष्ट्रसंघ सहित विश्व समुदाय को सचेत किया और कहा कि फिलिस्तीन में जायोनी सरकार के पाश्विक हमलों व अपराधों का जारी रहना और इस्राईल द्वारा सीरिया और लेबनान की संप्रभुताओं का उल्लंघन और अतिग्रहणकारी सरकार द्वारा खुल्लम खुल्लाम प्रायोजित आतंकवाद, क्षेत्र और विश्व की शांति व सुरक्षा के लिए अविलंब खतरा है। इसी प्रकार उन्होंने कहा कि इस बात में कोई संदेह नहीं है कि जोयानी सरकार और उसके समर्थक इस प्रकार की आतंकवादी कार्यवाहियों के परिणाम में जो कुछ हो रहा है उसके ज़िम्मेदार हैं।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने जायोनी सरकार के अपराधों के मुकाबले में लेबनान द्वारा फिलिस्तीनी जनता के समर्थन की प्रशंसा की और हिज्बुल्लाह के वरिष्ठ कमांडर की शहादत पर लेबनान की सरकार, राष्ट्र और हिज्बुल्लाह विशेषकर शहीद के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने इसी प्रकार लेबनान में एकता व एकजुटता, शांति व सुरक्षा और लेबनान के अपने बचाव व रक्षा के अधिकार का समर्थन किया।
पिछले सप्ताह जायोनी सरकार ने ड्रोन से एक आतंकवादी हमला करके दक्षिणी लेबनान के ज़ाहिया क्षेत्र में हमास के राजनीतिक कार्यालय के उपाध्यक्ष और हमास के वरिष्ठ कमांडर शैख सालेह अलआरूरी और अलकस्साम के दो कमांडरों को शहीद कर दिया था जिसकी ईरान ने कड़ी भर्त्सना की थी। जायोनी सरकार के पाश्विक हमलो में 7 अक्तूबर से अब तक 23 हज़ार से अधिक फिलिस्तीनी शहीद और लगभग 60 हज़ार घायल हो चुके हैं।
इसी बीच इराक के सैयदुश्शोहदा ब्रिगेड ने हिज्बुल्लाह के वरिष्ठ कमांडर वेसाम हसन तवील की शहादत की प्रतिक्रिया में कहा है कि वह प्रतिरोध के जवानों के आदर्श थे। इसी प्रकार इराक के सैयदुश्शोहदा ब्रिगेड ने अपने बयान में कहा है कि अमेरिका और जायोनी सरकार अपनी विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए प्रतिरोध के शूरवीर जवानों की हत्या कर रहे हैं।
इराक के सैयदुश्शोहदा ब्रिगेड के बयान में आया है कि विजय निकट है और शहीदों के लहू अतिग्रहणकारियों को ज़लील व अपमानित कर देंगे और हम वेसाम हसन की शहादत पर हिज्बुल्लाह के प्रति सहानुभूति प्रकट करते हैं।
जानकार हल्कों का मानना है कि अतिग्रहणकारी प्रतिरोध के शूरवीर जवानों को शहीद करके अपनी नाकामी, अपने मानवता विरोधी और जघन्य अपराधों पर पर्दा नहीं डाल सकते और पूरी दुनिया ने जायोनियों, अमेरिका और पश्चिमी व यूरोपीय देशों के वास्तविक चेहरों को देख लिया है। MM
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए