अमरीका, जेसीपीओए के संबंध में गंभीर क़दम उठाए
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i13681-अमरीका_जेसीपीओए_के_संबंध_में_गंभीर_क़दम_उठाए
विदेश मंत्री ने अमरीका से मांग की है कि वह जेसीपीओए के क्रियान्वयन के संबंध में गंभीर और व्यवहारिक क़दम उठाए।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jun ०५, २०१६ १७:४५ Asia/Kolkata
  • अमरीका, जेसीपीओए के संबंध में गंभीर क़दम उठाए

विदेश मंत्री ने अमरीका से मांग की है कि वह जेसीपीओए के क्रियान्वयन के संबंध में गंभीर और व्यवहारिक क़दम उठाए।

मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने रविवार को तेहरान में आर्मीनिया के विदेश मंत्री एडवर्ड नालबंदियान से मुलाक़ात में द्विपक्षीय संबंधों में विस्तार और क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मामलों के बारे में विचार-विमर्श किया। ज़रीफ़ ने इस मुलाक़ात में परमाणु समझौते (जेसीपीओए) के परिप्रेक्ष्य में बैंकिंग लेन-देन की अंतिम स्थिति के बारे में कहा कि तेहरान की दृष्टि से बैंकिंग लेन-देन के संबंध में पहला क़दम उठाया जा चुका है लेकिन अमरीकियों को इस राह में गंभीर संकल्प के साथ व्यवहारिक क़दम उठाने चाहिए और हम इस पूरी प्रक्रिया और इसके परिणामों पर गहरी नज़र रखे हुए हैं। विदेश मंत्री ने इसी तरह ईरान व आर्मीनिया के बीच संबंध विस्तार और क्षेत्रीय शांति के लिए विचार-विमर्श जारी रहने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि क़रेबाग़ के हालिया संकट के संबंध में ईरान दोनों पक्षों को संयम का निमंत्रण देता है और इस संबंध में हर प्रकार की कोशिश करने को तैयार है।

 

इस मुलाक़ात में आर्मीनिया के विदेश मंत्री एडवर्ड नालबंदियान ने कहा कि ऊर्जा व अर्थ व्यवस्था के क्षेत्र में ईरान के साथ उनके देश का सहयोग, दोनों देशों के संबंध विस्तार की प्रक्रिया को गति प्रदान कर सकता है। उन्होंने क़रेबाग़ संकट में ईरान की सकारात्मक भूमिका की ओर संकेत करते हुए कहा कि ईरान क्षेत्र का एक बड़ा देश है जो विभिन्न मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। आर्मीनिया के विदेश मंत्री ने कहा कि उनका देश ईरान पर लगे प्रतिबंधों की समाप्ति के बाद इस देश के साथ सक्रिय बैंकिंग लेन-देन के लिए तैयार है। (HN)