अमरीका ने कागज़ पर प्रतिबंध हटाए हैं, विदेशमंत्री
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i14668-अमरीका_ने_कागज़_पर_प्रतिबंध_हटाए_हैं_विदेशमंत्री
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री ने कहा है कि अमरीका को ईरान के खिलाफ प्रतिबंधों से पैदा होने वाले मनोवैज्ञानिक वातावरण को खत्म करने के लिए अधिक सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jun १४, २०१६ २२:०३ Asia/Kolkata
  • अमरीका ने कागज़ पर प्रतिबंध हटाए हैं, विदेशमंत्री

इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री ने कहा है कि अमरीका को ईरान के खिलाफ प्रतिबंधों से पैदा होने वाले मनोवैज्ञानिक वातावरण को खत्म करने के लिए अधिक सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने मंगलवार को युरोपीय संघ में विदेश मामलों की प्रभारी फेड्रीका मोगरिनी और नार्वे के विदेश मंत्री बोर्गे ब्रांडे के साथ एक संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि परमाणु समझौता, दोनों पक्षों की जीत का खेल है और यह कि अमरीका ने केवल कागज़ पर प्रतिबंध हटाए हैं और इन प्रतिबंधों के मनोवैज्ञानिक प्रभाव वर्षों तक रहेंगे।

उन्होंने ईरान के साथ काम करने में युरोपीय बैंकों की टाल मटोल का उल्लेख करते हुए कहा कि सब को यह जान लेना चाहिए कि कोई भी अंतरराष्ट्रीय समझौता उसी समय बाकी रह सकता है जब उसके सभी पक्षों को समझौते से फायदा हो।

उन्होंने बुधवार को अमरीकी विदेशमंत्री जॅान कैरी से अपनी भेंट के कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि ईरानी जनता को अमरीकी वचनों का व्यवहारिक रूप नज़र आना चाहिए।

उन्होंने इसी प्रकार इराक में शिया गुटों को ईरान द्वारा समर्थन के आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि हर प्रकार की सांप्रदायिकता खतरनाक है और उसके भयानक परिणाम सामने आएंगे जिनसे कोई भी पक्ष सुरक्षित नहीं रहेगा।

इस अवसर पर फेड्रिका मोगरिनी ने भी कहा कि ईरान ने अपने सभी वचनों का पालन किया है और ईरान के साथ बैंकिंग के क्षेत्र में सहयोग के रास्ते में कुछ चुनौतियां हैं और दूसरे पक्षों को ईरान के साथ सहयोग के लिए युरोपीय कंपनियों को प्रोत्साहित करना चाहिए। (Q.A.)