अमरीका से वार्ता सिर्फ़ परमाणु समझौते के परिप्रेक्ष्य मेें हैः अंसारी
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि ओस्लो में अमरीकी पक्ष के साथ ईरानी कूटनयिकों की वार्ता सिर्फ़ परमाणु समझौते के क्रियान्वयन के परिप्रेक्ष्य में हुई है।
हुसैन जाबिरी अंसारी ने अमरीकी विदेश मंत्रालय के हालिया बयान के बारे में कहा कि बुधवार को अमरीकी विदेश मंत्री जाॅन केरी के साथ ईरान के विदेश मंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ और उनके सहयोगियों की वार्ता केवल संयुक्त समग्र कार्य योजना (जेसीपीओए) के क्रियान्वयन के परिप्रेक्ष्य में थी। उन्होंने कहा कि अमरीकी पक्ष इससे पहले भी परमाणु वार्ता के दौरान सीरिया, इराक़ और यमन की परिस्थितियों के बारे में अपने विचार बयान कर चुका है लेकिन कभी भी इन विषयों के बारे में वार्ता नहीं हुई है।
अमरीकी विदेश मंत्रालय ने बुधवार को ओस्लो में ईरान व अमरीका के विदेश मंत्रियों की मुलाक़ात के बारे में एक बयान जारी करके कहा है कि सत्तर मिनट तक बंद दरवाज़ों के पीछे होने वाली इस मुलाक़ात में दोनों पक्षों ने बैंकिंग और प्रतिबंधों की समाप्ति सहित जेसीपीओए के बारे में वार्ता की। बयान में कहा गया है कि केरी ने सीरिया की सरकार पर ईरान के प्रभाव और ईरान की भूमिका के महत्व के दृष्टिगत मानवताप्रेमी सहायताएं भेजने की प्रक्रिया को सुनिश्चित बनाने और मध्यमार्गी सरकार विरोधियों के साथ संघर्ष विराम बाक़ी रखने पर बल दिया। (HN)