अतिक्रमण नहीं करेंगे लेकिन ठोस प्रतिरक्षा के लिए दृढ़ संकल्पित हैंः राष्ट्रपति
राष्ट्रपति ने कहा है कि ईरान की सेना किसी भी देश पर अतिक्रमण नहीं करेगी लेकिन वह अपनी प्रतिरक्षा के लिए दृढ़ संकल्पित है।
डाॅक्टर हसन रूहानी ने मंगलवार की रात सेना के कमांडरों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ इफ़्तार के कार्यक्रम में सरकार द्वारा सेना के भरपूर समर्थन पर बल देते हुए कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान की सेना शत्रुओं के मुक़ाबले में पूरी शक्ति से डटी हुई है और वह अपनी इस तैयारी को हमेशा बाक़ी रखेगी। उन्होंने कहा कि ईरान, क्षेत्र की सुरक्षा और क्षेत्रीय जनता की इच्छा पर ध्यान दिए जाने पर बल देता है और हमारा संघर्ष उन गुटों से है जो इस क्षेत्र की सुरक्षा को पसंद नहीं करते और अशांति फैलाना चाहते हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि हम किसी भी देश के मामलों में हस्तक्षेप नहीं करना चाहते और इस बात की भी अनुमति नहीं देंगे कि कोई हस्तक्षेप करे बल्कि क्षेत्र की जनता को अपने देश के बारे में निर्णय करना चाहिए।
डाॅक्टर रूहानी ने इस बात पर बल देते हुए कि क्षेत्र के देशों की सुरक्षा एक दूसरे से जुड़ी हुई है और हम क्षेत्र के अन्य राष्ट्रों की सहायता को अपनी ज़िम्मेदारी समझते हैं, कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान सभी पड़ोसी देशों के साथ घनिष्ठ संबंधों का इच्छुक है और वह किसी भी पड़ोसी देश से तनाव नहीं चाहता। उन्होंने कहा कि सभी पड़ोसी देशों के लिए हमारी इच्छा वही है जो उन देशों की जनता की इच्छा है। राष्ट्रपति ने कहा कि हम क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा के समर्थक हैं और आतंक व अशांति फैलाने वाले गुटों से संघर्ष में उनके साथ हैं। (HN)