आतंकवाद मुसलमानों की सुरक्षा के लिए ख़तराः लारीजानी
ईरान के संसद सभापति ने कहा है कि तकफ़ीरी आतंकवाद ने मुस्लिम राष्ट्रों की सुरक्षा को ख़तरे में डाल दिया है।
डाॅक्टर अली लारीजानी ने बुधवार को अपने एक संदेश में तुर्की के इस्तंबोल शहर के हवाई अड्डे पर हुए आतंकी हमले में तुर्क व विदेशी नागरिकों के मारे जाने पर अपने तुर्क समकक्ष इस्माईल क़हरमान से संवेदना प्रकट की और कहा कि तकफ़ीरी आतंकवाद मुसलमानों की सुरक्षा के लिए बहुत बड़ा ख़तरा है। उन्होंने निर्दोष लोगों को निशाना बनाने पर आतंकियों की कड़ी निंदा की और कहा कि आतंकवाद से संघर्ष, क्षेत्र और विश्व स्तर पर सुरक्षा, राजनीति व संस्कृति के क्षेत्रों में सभी संभावनाओं से लाभ उठाने पर निर्भर है।
ईरान के संसद सभापति ने अपने संदेश में इसी तरह कहा है कि क्षेत्र में आतंकवाद की बढ़ती हुई लहर, फ़िलिस्तीनी क्षेत्रों के अतिग्रहण को मज़बूत बनाने, फ़िलिस्तीनियों के अधिकारों के हनन और इस्लामी जगत को कमज़ोर बनाने के उद्देश्य से ज़ायोनी शासन और संसार की वर्चस्ववादी शक्तियों की नीतियों का परिणाम है लेकिन निश्चित रूप से ज़ायोनिज़्म का अंत निकट है। ज्ञात रहे कि मंगलवार को इस्तंबोल के अतातुर्क अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए आतंकी हमले में 41 व्यक्ति हताहत और 200 अन्य घायल हो गए। (HN)