परमाणु समझौते के प्रति पाबंद हैं-रूहानी
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i17527-परमाणु_समझौते_के_प्रति_पाबंद_हैं_रूहानी
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा है कि देश परमाणु समझौते का पाबंद है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jul १३, २०१६ १०:५७ Asia/Kolkata
  • परमाणु समझौते के प्रति पाबंद हैं-रूहानी

राष्ट्रपति रूहानी ने कहा है कि देश परमाणु समझौते का पाबंद है।

राष्ट्रपति कार्यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, डॉक्टर हसन रूहानी ने बुधवार को मंत्रीमंडल की बैठक में गुट पांच धन एक के साथ हुई परमाणु सहमति की वर्षगांठ का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जेसीपीओए सभी देशों के हित में होने के साथ ही साथ वैश्विक विकास, स्थिरता, सुरक्षा व शांति में भी सहायक है। राष्ट्रपति रूहानी का कहना था कि इसका उल्लंघन सभी के लिए नुक़सानदेह होगा।

ईरानी राष्ट्रपति ने यह उम्मीद जताते हुए कि जेसीपीओए देश के विकास, क्षेत्र की स्थिरता और अंतर्राष्ट्रीय शांति व सुरक्षा में सहायक होगा कहा, “यह बात ज़रूरी है कि सभी, राष्ट्रीय हित, तर्क और जेसीपीओए के क्रियान्वयन के परिप्रेक्ष्य में, इससे क्षेत्रीय व विश्व स्तर पर फ़ायदा उठाने की कोशिश करें।” उन्होंने कहा कि जो भी जेसीपीओए के उल्लंघन में पहल करेगा वह अंतर्राष्ट्रीय मंच पर राजनैतिक दृष्टि से नुक़सान उठाएगा।

राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान ने पूरी दुनिया के सामने यह साबित कर दिया कि वह राजनैतिक शक्ति की दृष्टि से राजनैतिक मामलों, तर्क, और तकनीकी व क़ानूनी विषय में इतना दक्ष है कि बड़ी शक्तियों के साथ जटिल अंतर्राष्ट्रीय विषय के हल के लिए वार्ता करे और ईरानी राष्ट्र के अधिकार की भलिभांति रक्षा करे।

डॉक्टर रूहानी ने इस बात की ओर इशारा करते हुए कि जेसीपीओए से ईरान के ख़िलाफ़ हथियारों की पाबंदियां हटीं और ईरान अपनी रक्षा व सैन्य शक्ति को बढ़ाने में सक्षम है, कहा कि अलबत्ता अभी भी हथियारों की ख़रीदारी के लिए कुछ बाधाए मौजूद हैं जिन्हें हटना चाहिए। (MAQ/T)