ईरान में सुरंग से आतंकी हमले का प्रयासः आतंकी गिरफ़तारी
इस्लामी गणतंत्र ईरान के गृहमंत्री ने घोषणा की है कि देश के पूर्वी भाग में एक आतंकी पकड़ा गया है।
अब्दुर्रज़ा रहमानी फ़ज़्ली ने बृहस्पतिवार को तेहरान में एक बैठक के दौरान बताया कि दो दिन पहले पूर्वी ईरान में 4 मीटर लंबी और 20 मीटर गहरी सुरंग का पता चला है। इस सुरंग के माध्यम से एक आतंकी संगठन हमला करने की कोशिश कर रहा था।
गृहमंत्री ने बताया कि सुरक्षा बलों ने कार्यवाही करके इस संबन्ध में 40 लोगों को गिरफ़तार कर लिया है। उन्होंने इस संबन्ध में विस्तार से और कुछ नहीं बताया।
उल्लेखनीय है कि अभी हाल ही में ईरान के गुप्तचर विभाग ने दाइश की उस योजना को पूर्ण रूप से विफल बना दिया था जिसके अन्तर्गत वह राजधानी तेहरान के 50 क्षेत्रों में विस्फोट करना चाहता था।
ईरान में गिरफ्तार किए गये दाइश के इन आतंकियों ने स्वीकार किया था कि उनको राजधानी तेहरान में 50 स्थानों पर बम धमाके करने की ज़िम्मेदारी सौंपी गयी थी।
ईरान की ख़ुफ़िया एजेन्सी ने उन आतंकियों को समय से पहले ही गिरफ़्तार लिया था, जिन्होंने स्वीकार किया था कि वे तेहरान में कई बड़े आतंकी हमले की योजना बना रहे थे।
यह आतंकवादी तेहरान के भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों में रिमोट कंट्रोल से बम धमाके और साथ ही स्कूलों, अस्पतालों, शापिंग माल, मैट्रो स्टेशनों, बाज़ार तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को निशाना बनाना चाहते थे किन्तु समय रहते ही ईरान के ख़ुफ़िया विभाग के कर्मियों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।