शिया-सुन्नी एकता, ईरान की इस्लामी क्रांति का मूल सिद्धान्त, राष्ट्रपति रूहानी
इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति ने कहा है कि ईरान की इस्लामी क्रांति की मूल विचारधारा, शिया व सुन्नी मुसलमानों में एकता है।
राष्ट्रपति हसन रूहानी ने मंगलवार की शाम कहा कि इस्लाम के नाम पर हिंसा व जनसंहार के माध्यम से, फूट डालने की जो हालिया वर्षों में कोशिश की गयी है वह वास्तव में इस्लाम से डराने के लिए दुश्मनों की साज़िश का हिस्सा है।
राष्ट्रपति हसन रूहानी ने इसी प्रकार ईरान पर थोपे गये आठ वर्षीय युद्ध को खत्म किये जाने के संदर्भ में संयुक्त राष्ट्र संघ के प्रस्ताव को स्वीकार किये जाने की वर्षगांठ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह इमाम खुमैनी का साहसिक फैसला था जो सही समय पर किया गया था।
उन्होंने कहा कि एेसी दशा में कि जब ईरान ने युद्ध विराम स्वीकार कर लिया था, इराक की बास पार्टी की सरकार ने अपने एजेन्टों की सहायता से ईरान के खिलाफ हमले तेज़ कर दिये थे लेकिन दक्षिण में लड़ने वाले साहसी सैनिकों के बलिदान से उन्हें लज्जाजनक पराजय का सामना हुआ और इससे दुश्मनों को भी यह पता चल गया कि ईरान की राष्ट्रीय एकता, सशस्त्र बलों के साहस और वरिष्ठ नेतृत्व के मार्गदर्शन के कारण उन्हें हमेशा ईरान के मुकाबले में पराजय का सामना करना पड़ेगा। (Q.A.)