इतालवी कंपनी ने ईरान के कर्ज़ का एक भाग अदा किया
इटली की तेल रिफ़ायन करने वाली कंपनी सारास ने कच्चे तेल की ख़रीदारी की बक़ाया राशि का एक भाग अदा कर दिया है। उसने 2012 में ईरान पर लगाए गयी पाबंदियों से पहले कच्चा तेल ईरान से ख़रीदा था।
सारास कंपनी के महानिदेशक डैरियो स्काफ़र्दी ने सोमवार को कहा कि कंपनी ने दूसरी तिमाही और जुलाई में 10 करोड़ यूरो का भुगतान किया है और अब उस पर ईरान का 25 करोड़ यूरो का कर्ज़ बाक़ी है।
स्काफ़र्दी ने कहा कि जनवरी में ईरान के ख़िलाफ़ पाबंदियां हटने के बाद बैंकिंग के क्षेत्र में मौजूद रुकावटों के बावजूद सुचारु रूप से भुगतान की आशा है।
सारास ईरान की राष्ट्रीय तेल कंपनी एनआईओसी के साथ व्यापार फिर से शुरु करने की कोशिश कर रही है। पाबंदियों से पहले सारास कंपनी इटली की कच्चे तेल की ज़रूरत के एक बड़े भाग की आपूर्ति करती थी।(MAQ/N)