बाकू में ईरान, रूस और आज़रबाइजान के राष्ट्रपतियों की भेंट
आज़रबाइजान की राजधानी बाकू में ईरान, रूस और आज़ारबाइजान के राष्ट्रपतियों की त्रिपक्षीय भेंट हुई।
इस संयुक्त भेंट में आज़रबाइजान के राष्ट्रपति इलहाम अलीयोफ ने कहा कि क्षेत्र में संकट है अशांति है लेकिन ईरान, रूस और आज़रबाइजान के मध्य तीन पक्षीय सहयोग क्षेत्र में शांति स्थापित कर सकता है।
उन्होंने कहा कि हमारे संबंध अच्छे पड़ोस और परस्पर सम्मान पर आधारित हैं।
इस भेंट में इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति डॅाक्टर हसन रूहानी ने कहा कि ईरान, आज़रबाइजान और रूस के मध्य सहयोग विभिन्न क्षेत्रों में संभवनाओं में विस्तार के अलावा, क्षेत्र की बहुत सी चुनौतियों के निपटारे में भी प्रभावी भूमिका निभाएगा।
Image Caption
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि पड़ोसी देशों से अच्छे संबंध इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेश नीति की प्राथमिकताओं में से है और निश्चित रूप से विश्व और क्षेत्र की वर्तमान परिस्थितियों में इस प्रकार की बैठक परस्पर विश्वास व संबंध विस्तार के लिए बहुत अहम है।
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान की नज़र में वर्तमान परिस्थितियों में कोई एक देश चुनौतियों से निपटने और संभावनाओं से फायदा उठाने की ताक़त नहीं रखता और हर देश की जनता के लिए विेकास, सुरक्षा व शांति के लिए सभी देशों विशेषकर पड़ोसियों के मध्य सहयोग ज़रूरी है।
राष्ट्रपति रूहानी ने आतंकवाद, चरमपंथ, क्षेत्रीय देशों के आतंरिक मामलों में विदेशियों के हस्तक्षेप, राजनीतिक लाभ के लिए प्रतिबंध के हथकंडे के रूप में प्रयोग पर्यावरण चुनौतियों, मादक पदार्थों, अलगाववाद और साइबर अपराध जैसे मुद्दों को संयुक्त चुनौतियां और खतरे बताया और कहा कि इन सब से निपटने के लिए ईरान, आज़रबाइजान और रूस के मध्य सहयोग बेहद ज़रूरी है।
इस भेंट में रूस के राष्ट्रपति विलादमीर पुतीन ने इस तीन पक्षीय बैठक को तीनों देशों के संबंधों में नया अध्याय कहा और आतंकवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र में आतंकवाद के खतरे से हमें संयुक्त रूप से निपटना चाहिए।
ईरान, रूस और आज़रबाइजान के राष्ट्रपति ने इस त्रिपक्षीय बैठक के समापन पर एक संयुक्त बयान जारी किया जिसमें ईरान के परमाणु समझौते का समर्थन किया गया, विभिन्न क्षेत्रों में परस्पर सहयोग और आतंकवाद के खिलाफ युद्ध में दो और तीन पक्षीय विचार विमर्श पर बल दिया गया।
बाकू बैठक में इसी प्रकार यह फैसला किया गया कि ईरान, रूस और आज़रबाइजान के राष्ट्रपतियों की अगली बैठक तेहरान में आयोजित होगी। (Q.A.)