ईरान ने यमन पर सऊदी हमलों की निंदा की
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने यमन के नागरिक केन्द्रों और आवासीय क्षेत्रों पर सऊदी अरब के लड़ाकू विमानों के हमलों की निंदा की है।
बहराम क़ासेमी ने कहा कि यमन के नागरिक केन्द्रों और आवासीय क्षेत्रों पर सऊदी अरब के लड़ाकू विमानों के हमलों की पुनः शुरुआत और इनमें दसियों नागरिकों का शहीद और घायल होना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि यमन की निर्दोष जनता के विरुद्ध सऊदी अरब के अमानवीय अपराधों पर विश्व समुदाय, मानवाधिकार संगठनों और संयुक्त राष्ट्र संघ की मानवाधिकार परिषद की चुप्पी इस बात का कारण बनी है कि सऊदी अरब की युद्ध प्रेमी सरकार यमन के बुनियादी ढांचे की तबाही, असैनिकों के जनसंहार और यमनी राष्ट्र के अमानवीय परिवेष्टन को बिना किसी भय के जारी रखे। उन्होंने सऊदी अरब की अतिक्रमणकारी सेना को हथियार मुहैया कराने वाले देशों और संयुक्त राष्ट्र संघ से मांग कि वे इन हमलों को तुरंत बंद करने और यमनी नागरिकों विशेष कर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रभावी प्रयास करें।
ज्ञात रहे कि कुवैत में शांति वार्ता रुक जाने के बाद, यमन के विभिन्न क्षेत्रों पर सऊदी गठबंधन के हमले तीव्र हो गए हैं। इन हमलों में दसियों यमनी नागरिक शहीद और घायल हुए हैं। यमन पर सऊदी गठबंधन ने छब्बीस मार्च वर्ष दो हजार पंद्रह से हमले शुरू कर रखे हैं। (HN)